uk-poltical-bjp-satra

गैरसैंण बजट सत्र में सार्थक चर्चा से विकास को नई गति मिलेगी : मनवीर सिंह चौहान

देहरादून, 14 मार्च (हि. स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने गैरसैंण में आयोजित विधानसभा बजट सत्र में देर रात तक हुई चर्चा और बजट पारित होने को राज्य के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास बताया है।

उन्होंने शनिवार को जारी बयान में कहा कि सत्र के दौरान हुई सार्थक चर्चा और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की सामूहिकता की भावना के कारण राज्य के विकास को नई दिशा मिलने की उम्मीद जगी है। चौहान ने कहा कि अब तक के सबसे बड़े बजट से विकसित हो रहे उत्तराखंड को गति मिलेगी और विभिन्न विभागों के लिए आवंटित राशि से जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आम लोगों तक पहुंचेगा।

चौहान ने कहा कि गैरसैंण केवल ग्रीष्मकालीन राजधानी ही नहीं, बल्कि प्रदेशवासियों की जनभावनाओं का केंद्र भी है। ऐसे में वहां आयोजित बजट सत्र का व्यापक चर्चा के साथ संपन्न होना संतोषजनक है। उन्होंने कहा कि सत्र के दौरान बजट पर दोनों पक्षों द्वारा देर रात तक चर्चा की गई, जो लोकतांत्रिक प्रक्रिया का सकारात्मक संकेत है।

विपक्ष के रुख पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि सत्र की अवधि कम होने का आरोप लगाने वाले विपक्षी दल पर्याप्त प्रश्न भी नहीं जुटा सके। उनके अनुसार पांच दिन के सत्र के लिए प्रश्नकाल में विपक्ष कुल प्रश्नों का एक तिहाई भी प्रस्तुत नहीं कर पाया।

चौहान ने राज्यपाल के अभिभाषण के दौरान विपक्ष के व्यवहार और सदन में शोरगुल तथा नारेबाजी पर भी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि इस तरह का आचरण संसदीय परंपराओं और संवैधानिक प्रक्रिया की गरिमा के अनुरूप नहीं है।

उन्होंने कहा कि पांच दिनों में 41 घंटे 10 मिनट तक चला यह सत्र ऐतिहासिक रहा। उनके अनुसार मुख्यमंत्री धामी समावेशी विकास और सामूहिकता के भाव से राज्य को आगे बढ़ाने के पक्षधर हैं, जिससे आने वाले वर्षों में उत्तराखंड के विकास को नई गति मिलेगी।