अनूपपुर: युवती के अपहरण के आरोपियों को वाहन सहित 3 गिरफ्तार, भेजा जेल
अनूपपुर: युवती के अपहरण के आरोपियों को वाहन सहित 3 गिरफ्तार, भेजा जेल
अनूपपुर, 14 मार्च । मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के थाना जैतहरी क्षेत्र में युवती के अपहरण के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त वाहन भी जब्त कर लिया है। शनिवार को आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से जिला जेल भेज दिया गया है।
थाना प्रभारी जैतहरी निरीक्षक अमर वर्मा ने बताया कि शुक्रवार की शाम पीड़िता लिखित आवेदन में बताया गया कि जयप्रकाश राठौर ने उसे जबरन कार में बैठाकर विवाह के उद्देश्य से अपहरण कर लिया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू की।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह शहडोल स्थित पैरामेडिकल कॉलेज में अध्ययनरत है। लगभग तीन वर्ष पूर्व उसकी पहचान इंस्टाग्राम के माध्यम से जयप्रकाश राठौर (निवासी चोरभठी) से हुई थी। फोन पर बातचीत के दौरान जयप्रकाश ने उससे विवाह करने की इच्छा जताई थी, लेकिन पीड़िता ने स्पष्ट कर दिया था कि वह अपने माता-पिता की इच्छा से ही विवाह करेगी।
पीड़िता ने बताया कि वह 28 फरवरी 2026 से अपने बड़े पापा के घर जैतहरी में रह रही थी। शुक्रवार की दोपहर वह अपनी सहेली के साथ घर के बाहर बैठी थी। इसी दौरान वाहन से पहुंचा जयप्रकाश राठौर ने, जिसने अपना चेहरा साफे से ढका हुआ था, उसे जबरन गाड़ी में बैठाकर अपहरण कर लिया। वाहन में चालक सहित एक अन्य व्यक्ति भी मौजूद था।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए वाहन और आरोपियों का पीछा किया। इस दौरान जयप्रकाश पिपरिया में पीड़िता को छोड़कर फरार हो गया। बाद में ग्रामीणों और परिजनों को सूचना मिलने पर पीड़िता के भाई और मामा पिपरिया पहुंचकर उसे सुरक्षित वापस ले आए। जैतहरी पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए कुछ ही घंटों में अपहरण में शामिल आरोपियों 23 वर्षीय जयप्रकाश राठौर, पुत्र ललन राठौर, निवासी चोरभठी, थाना जैतहरी, 23 वर्षीय शुभम राठौर, पुत्र दुलारे राठौर, निवासी बेला एवं 22 वर्षीय सागर पटेल, पुत्र संतोष पटेल, निवासी मौहरी, थाना कोतवाली अनूपपुर को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त वाहन क्रमांक MP65 ZB 4472 को जब्त कर पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। आरोपियों को शनिवार को न्यायालय अनूपपुर में प्रस्तुत किया गया, जहां से जिला जेल अनूपपुर भेज दिया गया।
कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम
कार्रवाई में थाना प्रभारी जैतहरी निरीक्षक अमर वर्मा, उप निरीक्षक अमर लाल यादव, उप निरीक्षक जे.पी.एच. तिर्की, सहायक उप निरीक्षक विनोद विश्वकर्मा, प्रधान आरक्षक राजकुमार मार्को, प्रधान आरक्षक संतोष जायसवाल, प्रधान आरक्षक विजयानंद पाण्डे, प्रधान आरक्षक श्रीश्याम शुक्ला, आरक्षक मनीष सिंह तोमर तथा आरक्षक विजय प्रताप सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।









