पानीपत: घर से 21.50 लाख रुपये चोरी के दो आरोपी गिरफ्तार
पानीपत, 14 मार्च । जिले के गांव गढ़ी छाजू में हुई 21.50 लाख रूपए चोरी की वारदात का महज 36 घंटे में खुलासा कर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान रोहतक निवासी दिनेश व महेंद्रगढ़ निवासी नवीन के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गढ़ी छाजू गांव से गिरफ्तार किया है। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने चोरी की उक्त वारदात को अंजाम देना स्वीकारा किया। आरोपियों ने पूछताछ में पुलिस को बताया वे दोनों गुरूग्राम में अलग-अलग कंपनी में काम करते हैं। दोनों की करीब 8 साल से दोस्ती है।
आरोपी दिनेश को पैसों की जरूरत थी। दिनेश ने यह बात साथी आरोपी नवीन को बताई और दोनों ने मिलकर चोरी की साजिश रची और 12 मार्च की देर रात एक बाइक पर सवार होकर समालखा क्षेत्र में पहुंचे। दोनों ने मिलकर गढ़ी छाजू गांव के एक घर में उक्त नकदी चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। जिसकी रिपोर्ट गांव गढी छाजू गांव निवासी मोहित पुत्र संजय ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि वह सप्लीमेंटस और आयुर्वेदिक मेडिशन का व्यवसाय करता है। उसने एक दुकान की रजिस्ट्री करवाने के लिए 21.50लाख रूपए घर में बैड के अंदर थेले में रखे था। 12 मार्च को सुबह उठा तो कमरे में सामान बिखरा था। उसने बैड खोलकर देखा रूपयों का थैला नहीं मिला। अज्ञात चोर रात के समय घर से उक्त नकदी चोरी कर ले गए। तभी से पुलिस ने आरोपियों की पहचान व धरपकड़ शुरू कर दी थी। पुलिस ने शनिवार को दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जहां से उन्हें एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। ताकि चोरी की नकदी बरामद की जा सके।









