surguja-olympics-start

अंबिकापुर : सरगुजा ओलंपिक-2026 का आगाज, मुख्यमंत्री ने किया शुभारंभ, खिलाड़ियों में दिखा जबरदस्त उत्साह

अंबिकापुर, 21 मार्च ।अंबिकापुर में सरगुजा ओलंपिक-2026 की संभागीय प्रतियोगिताओं का आज शनिवार को भव्य शुभारंभ हुआ। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दीप प्रज्ज्वलित कर खेलों की शुरुआत की, जबकि दंगल गर्ल गीता फोगाट ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।

सरगुजा ओलंपिक-2026 के तीन दिवसीय संभागीय खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ शनिवार को पीजी कॉलेज मैदान में भव्य तरीके से किया गया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की, वहीं अंतरराष्ट्रीय पहलवान गीता फोगाट की उपस्थिति ने खिलाड़ियों में नया उत्साह भर दिया।

उद्घाटन समारोह में संभागभर से आए खिलाड़ियों ने मार्च पास्ट कर मुख्य अतिथि को सलामी दी। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि राज्य को खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स की मेजबानी भी मिली है, जिसके कुछ आयोजन अंबिकापुर में भी होंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरगुजा ओलंपिक की शुरुआत इस वर्ष की गई है और पहले ही वर्ष इसमें 3 लाख 49 हजार से अधिक प्रतिभागियों ने पंजीयन कराया है। ब्लॉक और जिला स्तर की प्रतियोगिताओं के बाद अब संभागीय स्तर पर मुकाबले शुरू हुए हैं। उन्होंने यह भी घोषणा की कि सरगुजा ओलंपिक का आयोजन हर वर्ष नियमित रूप से किया जाएगा और इसके लिए बजट में प्रावधान भी किया गया है।

उन्होंने बस्तर ओलंपिक का उल्लेख करते हुए कहा कि वहां भी लाखों प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जिसमें आत्मसमर्पित नक्सलियों की टीमों ने भी भागीदारी निभाई। खेलों के माध्यम से समाज को सकारात्मक दिशा देने का यह प्रयास लगातार जारी रहेगा।

खेलों को प्रोत्साहन देने के लिए सरकार की योजनाओं का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ओलंपिक में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को 21 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी और पदक विजेताओं को विशेष पुरस्कार भी मिलेगा। साथ ही पंडरापाठ में 20 करोड़ रुपये की लागत से आर्चरी अकादमी स्थापित करने की योजना भी साझा की।

कार्यक्रम में गीता फोगाट ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि सरगुजा जैसे क्षेत्र में इतने बड़े स्तर पर आयोजन होना प्रेरणादायक है। उन्होंने विशेष रूप से महिला खिलाड़ियों की बड़ी भागीदारी पर खुशी जताई और कहा कि मेहनत और समर्पण से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।

संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में कुल 2190 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं, जिनमें 1044 महिला और 1146 पुरुष खिलाड़ी शामिल हैं। प्रतियोगिता में कबड्डी, खो-खो, तीरंदाजी, फुटबॉल, वॉलीबॉल, हॉकी, कुश्ती, दौड़, बैडमिंटन और रस्साकसी सहित 12 खेल विधाओं में मुकाबले आयोजित किए जा रहे हैं।

इस अवसर पर मंत्री रामविचार नेताम, राजेश अग्रवाल, सांसद चिंतामणि महाराज, मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, विधायक प्रबोध मिंज सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे।