sub-inspector-recruitment-exam

उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा के पहले दिन प्रश्नपत्र के एक सवाल पर मचा बवाल, भाजपा ने मुख्यमंत्री योगी काे लिखा पत्र

लखनऊ, 14 मार्च । उत्तर प्रदेश में उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा के पहले दिन आए प्रश्नपत्र में पूछे गए सवाल को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। इसको लेकर लोगों की प्रतिक्रिया भी आने लगी है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश मंत्री अभिजात मिश्रा ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखा है।

उन्होंने अपने पत्र लिखा है कि प्रश्नपत्र में एक सवाल आया हैं, जिसमें पूछा गया था कि, अवसर के अनुसार बदल जाने वाले के लिए एक शब्द में उत्तर दें। चार विकल्प भी दिए थे। जिसमें पहला विकल्प पंडित, दूसरा अवसरवादी, तिसरा निष्कपट और चौथा सदाचारी शामिल था। अभिजात का कहना है कि अवसर के अनुसार बदलने वाला अवसरवादी होता है। लेकिन विकल्पों में ‘पंडित’ विकल्प को शामिल करना एक विशेष समुदाय की भावनाओं को आहत करने वाला है। यह प्रश्न स्पष्ट रूप से गलत फ्रेम किया गया है। उन्होंने कहा कि ‘पंडित’ शब्द विद्वान, ज्ञानी और धार्मिक सम्मान से जुड़ा है, इसे अवसरवादिता जैसे नकारात्मक अर्थ से जोड़ना पूरी तरह से अनुचित, असंवेदनशील और संभवतः जानबूझकर किया गया प्रतीत होता है।

उन्होंने मांग की है कि प्रश्न पत्र तैयार करने वाले, पेपर सेट करने वाली कमेटी के जिम्मेदार व्यक्तियों के विरूद्ध तत्काल विभागीय जांच एवं कठोर कार्रवाई की जाए। प्रतियोगी छात्र संघर्ष समिति के मीडिया प्रभारी प्रशांत पांडेय ने विकल्प में पंडित शब्द रखे जाने पर कड़ी आपत्ति जाहिर की है।