reservoir-gate-collapses-cg

रायगढ़ जिले का बिलासपुर जलाशय का एक पुराना और जर्जर गेट अचानक टूटा

रायगढ़, 21 मार्च ।छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के भूपदेवपुर इलाके में स्थित बिलासपुर जलाशय का एक पुराना और जर्जर गेट अचानक टूट गया है। बताया गया है कि बीती आधी रात के बाद मूसलाधार बारिश के कारण जलाशय का पुराना और जर्जर गेट दबाव नहीं झेल पाया और अचानक टूट गया।

इसकी वजह से भारी मात्रा में पानी एनएच-49 (रायगढ़-खरसिया मार्ग) पर आ गया, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया हैगेट टूटने की वजह से बांध का पानी भारी मात्रा में बाहर निकल रहा है, जिससे पास से गुजरने वाले रायगढ़-खरसिया नेशनल हाईवे (एनएच -49) पर सैलाब जैसी स्थिति बन गई है।

अधिकारियों ने बताया है कि सड़क पर घुटनों तक पानी भर जाने के कारण गाड़ियों की आवाजाही थम गई है और हाईवे अब किसी दरिया जैसा नजर आ रहा है। पानी का बहाव इतना तेज है कि वह आसपास के खेतों में भी घुस गया है, जिससे फसलों को काफी नुकसान होने की आशंका है। मौके पर भूपदेवपुर पुलिस और प्रशासन की टीम पहुँच गई है और जर्जर गेट से हो रहे इस रिसाव को रोकने की कोशिश की जा रही है।

बिलासपुर जलाशय रायगढ़ जिले में कृषि और पेयजल की आपूर्ति के लिए एक महत्वपूर्ण संरचना है। यह क्षेत्रीय किसानों और आसपास के गांवों को सिंचाई सुविधा प्रदान करता है। हालांकि, यह जलाशय काफी पुराना है और कई हिस्सों में संरचनात्मक कमजोरी देखी जा चुकी है।

स्थानीय प्रशासन और कृषि विभाग पहले भी जलाशय के गेट की मरम्मत और सुरक्षा उपायों की सिफारिश कर चुके हैं, लेकिन जर्जर स्थिति और पर्याप्त रखरखाव के अभाव के कारण यह घटना हुई।