pm-kisan-samman-nidhi

पीएम किसान सम्मान निधि की 22वीं किस्त शुक्रवार को होगी जारी

जयपुर, 12 मार्च । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार (13 मार्च) को ‘पीएम-किसान उत्सव दिवस’ के अवसर पर प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 22वीं किस्त जारी करेंगे। इस अवसर पर देशभर के किसानों के बैंक खातों में सीधे राशि हस्तांतरित की जाएगी। इसमें राजस्थान के 66.76 लाख किसानों को 1335 करोड़ रुपए की राशि मिलेगी।

सहकारिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गौतम कुमार दक ने बताया कि असम के गुवाहाटी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री देश के 9 करोड़ 32 लाख से अधिक किसानों को 18,640 करोड़ रुपए से अधिक की राशि डीबीटी के माध्यम से उनके बैंक खातों में ट्रांसफर करेंगे। उन्होंने बताया कि राजस्थान के 66.76 लाख से अधिक किसानों को 1,335 करोड़ रुपए से अधिक की राशि जारी की जाएगी। योजना के तहत प्रत्येक पात्र किसान के खाते में 2,000 रुपए की किस्त सीधे भेजी जाएगी।

इस अवसर पर जयपुर के राज्य कृषि प्रबंधन संस्थान दुर्गापुरा में राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा शामिल होंगे। इसके साथ ही प्रदेश के सभी जिलों में भी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने के लिए सहकारिता मंत्री गौतम कुमार दक गुरुवार को दुर्गापुरा पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों को कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

गौरतलब है कि पीएम किसान सम्मान निधि योजना के तहत पात्र किसानों को प्रतिवर्ष 6,000 रुपए की सहायता राशि तीन समान किस्तों में दी जाती है। अब तक इस योजना के अंतर्गत 21 किस्तों के माध्यम से 4.09 लाख करोड़ रुपए से अधिक की राशि किसानों के खातों में हस्तांतरित की जा चुकी है।