nidhi-gupta-csir-net-exam

सूरजपुर : सीएसआईआर नेट में 33वीं रैंक, सूरजपुर की बेटी निधि गुप्ता ने बढ़ाया मान

सूरजपुर, 07 मार्च । अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर सूरजपुर जिले की बेटी निधि गुप्ता ने अपनी उल्लेखनीय सफलता से जिले का नाम रोशन किया है। शासकीय विद्यालय से शिक्षा प्राप्त कर उन्होंने देश की प्रतिष्ठित सीएसआईआर नेट परीक्षा में अखिल भारतीय स्तर पर 33वीं रैंक हासिल कर यह साबित किया है कि दृढ़ संकल्प और निरंतर मेहनत से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।

निधि गुप्ता की प्रारंभिक शिक्षा सूरजपुर जिले के शासकीय कन्या विद्यालय में हुई। सीमित संसाधनों और कई चुनौतियों के बावजूद उन्होंने अपनी पढ़ाई जारी रखी और अपने लक्ष्य के प्रति हमेशा दृढ़ रहीं। कठिन परिस्थितियों के बावजूद उनका आत्मविश्वास और मेहनत उन्हें निरंतर आगे बढ़ाते रहे।

स्नातकोत्तर की पढ़ाई के लिए उन्होंने शासकीय रेवती रमण मिश्र महाविद्यालय, सूरजपुर में प्रवेश लिया। यहां के शिक्षकों के मार्गदर्शन ने उनके जीवन को नई दिशा दी। विशेष रूप से रसायन विज्ञान के प्राध्यापक डॉ. विकेश कुमार झा की प्रेरणा और मार्गदर्शन से उन्होंने सीएसआईआर नेट जैसी प्रतिष्ठित और कठिन परीक्षा में अखिल भारतीय स्तर पर 33वीं रैंक प्राप्त की।

निधि गुप्ता का मानना है कि महिला दिवस केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि उन सपनों को साकार करने का अवसर है, जिन्हें महिलाएं पूरे विश्वास के साथ देखती हैं। उनकी यह उपलब्धि जिले की उन सभी बेटियों के लिए प्रेरणा है, जो सीमित संसाधनों के बावजूद अपने सपनों को साकार करने का प्रयास कर रही हैं। यह सफलता इस बात का भी उदाहरण है कि शासकीय शिक्षा संस्थान भी उत्कृष्टता की मजबूत नींव बन सकते हैं, यदि लक्ष्य के प्रति दृढ़ संकल्प और समर्पण हो।