nepal-pm-sushila-cast-vote

नेपाल : अंतरिम सरकार की प्रधानमंत्री सुशीला कार्की ने किया मतदान

काठमांडू, 05 मार्च । नेपाल की अंतरिम सरकार प्रधानमंत्री सुशीला कार्की ने प्रतिनिधि सभा चुनाव के तहत अपना मतदान किया है। कार्की ने काठमांडू निर्वाचन क्षेत्र–5 के अंतर्गत धापासी स्थित धापासी निम्न माध्यमिक विद्यालय फैमालचुली मतदान केन्द्र पर जाकर अपना वोट डाला।

मतदान करने के बाद प्रधानमंत्री कार्की ने देशभर के मतदाताओं से अनिवार्य रूप से अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता का वोट सबसे बड़ी ताकत होता है और हर नागरिक को चुनाव में भाग लेकर अपने अधिकार का उपयोग करना चाहिए। प्रधानमंत्री ने कहा कि प्रत्येक मतदाता का एक-एक वोट देश के भविष्य को निर्धारित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इसलिए उन्होंने सभी नागरिकों से आग्रह किया कि वे बिना किसी डर या दबाव के मतदान केन्द्रों पर जाएं और अपनी पसंद के उम्मीदवार को चुनें।

उन्होंने यह भी कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए जनता की सक्रिय भागीदारी अत्यंत आवश्यक है। अधिक मतदान होने से सरकार को जनता का व्यापक समर्थन और वैधता मिलती है, जिससे देश में स्थिर और जवाबदेह शासन स्थापित करने में मदद मिलती है।

नेपाल में इस बार का चुनाव हाल के राजनीतिक घटनाक्रम और युवाओं की सक्रियता के बाद काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। ऐसे में प्रधानमंत्री ने उम्मीद जताई कि नागरिक शांतिपूर्ण और उत्साहपूर्ण तरीके से मतदान प्रक्रिया में भाग लेंगे, जिससे लोकतंत्र और अधिक मजबूत होगा।