इंदौरः खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, 66 सिलेंडर, बुलेट मोटर साइकिल व उपकरण जब्त
इंदौर, 12 मार्च । मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में गैस सिलेंडरों के अवैध भंडारण, दुरुपयोग और कालाबाजारी के खिलाफ जिला प्रशासन द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग की टीम ने गुरुवार को बड़ी छापामार कार्रवाई करते हुए अवैध गैस गोदाम का भंडाफोड़ कर 66 सिलेंडर, बुलेट मोटर साइकिल व उपकरण जब्त किए हैं।
जिला आपूर्ति नियंत्रक एमएल मारू ने बताया कि कलेक्टर शिवम वर्मा द्वारा गठित दलों द्वारा सुबह करीब 6 बजे से निरीक्षण एवं छापामार कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान न्यू लोहा मंडी क्षेत्र में हरिओम गुप्ता के अवैध गैस गोदाम पर छापा मारा गया। छापे में 24 व्यावसायिक गैस सिलेंडर और 42 घरेलू गैस सिलेंडर सहित कुल 66 सिलेंडर बरामद किए गए। इसके अलावा गैस रिफिलिंग में प्रयुक्त तीन इलेक्ट्रिक मोटर तथा दो तौल कांटे भी मौके से जब्त किए गए।
उन्होंने बताया कि निरीक्षण के दौरान यह भी पाया गया कि बड़े पैमाने पर गैस सिलेंडरों को लाने-ले जाने और रिफिलिंग के कार्य में बुलेट मोटरसाइकिल का उपयोग किया जा रहा था। टीम ने उक्त बुलेट गाड़ी को भी जब्त कर लिया। छापे के समय आरोपी मौके से फरार हो गया। दल द्वारा गोदाम में रखे समस्त सिलेंडर और उपकरण जब्त करते हुए अवैध भंडारण स्थल को सील कर दिया गया है। मामले में आवश्यक जांच एवं वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई में कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी अंकुर गुप्ता, सुचित्रा दुबे और अजय अस्थाना सहित विभागीय दल के अन्य सदस्य शामिल रहे।
एलपीजी सिलेंडरों की उपलब्धता और कालाबाजारी रोकने के लिए जिले में कंट्रोल रूम स्थापित
वहीं, इंदौर जिले में एलपीजी सिलेंडरों की सुचारू उपलब्धता और कालाबाजारी पर रोक लगाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने कंट्रोल रूम स्थापित किया है। आम उपभोक्ता गैस सिलेंडर से जुड़ी किसी भी समस्या, शिकायत या सुझाव के लिए कंट्रोल रूम के हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क कर सकेंगे। कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देशानुसार जिले में घरेलू सिलेंडरों की सहज उपलब्धता और वितरण व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए जिला स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। इसके लिए हेल्पलाइन नंबर 0731-2993900 जारी किया गया है।
जिला आपूर्ति नियंत्रक एमएल मारू ने बताया कि इंदौर जिले में गैस की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने, उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी से बचाने तथा घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडरों की अवैध बिक्री एवं कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए यह व्यवस्था की गई है। जिला स्तर पर गठित कंट्रोल रूम में सहायक आपूर्ति अधिकारी कल्पना परामानिक (मोबाइल नम्बर 9399142251), कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी सवेसिंह गामड़ (8120041922) सहित कम्प्यूटर ऑपरेटर अंकित नागर (9200249020), रोहित बर्मन (8085799812), महेश जगताप (6260271176) और अब्दुल समद (9926062731) को तैनात किया गया है।
आम उपभोक्ता अपनी शिकायत या सुझाव कंट्रोल रूम हेल्पलाइन नंबर 0731-2993900 पर दर्ज करा सकते हैं या फिर कलेक्टोरेट कार्यालय के कक्ष क्रमांक 221 में कार्यालयीन समय में स्वयं उपस्थित होकर भी जानकारी दे सकते हैं। कंट्रोल रूम प्रभारी और उनकी टीम प्राप्त शिकायतों को पंजी में दर्ज कर उनके त्वरित निराकरण की कार्रवाई सुनिश्चित करेगी।









