mp-indore-colourful-procession-march-8-on-rang-pan

इंदौरः रंग पंचमी पर 8 मार्च को निकलेगी रंगारंग गेर, सुरक्षा के रहेंगे पुख्ता इंतजाम, डीजे प्रतिबंधित

इंदौर, 06 मार्च । मध्य प्रदेश के इंदौर में रविवार, 8 मार्च को रंग पंचमी का पर्व परम्परागत रूप से हर्षोल्लास के साथ मनाया जायेगा। इस दिन शहर के निर्धारित मार्गों से विभिन्न संस्थाओं द्वारा रंगारंग गेर भी निकाली जायेगी। पूरा शहर रंगों से सराबोर रहेगा। गेर में हुड़दंग करने वालों के विरूद्ध सख्त कार्यवाही की जायेगी। गेर में डीजे प्रतिबंधित रहेगा। गेर की व्यवस्थाओं को जिला प्रशासन, पुलिस और आयोजकों के संयुक्त प्रयासों से और अधिक बेहतर बनाया जाएगा।

यह जानकारी शुक्रवार को कलेक्टर कार्यालय में गेर की व्यवस्थाओं को लेकर कलेक्टर शिवम वर्मा की उपस्थिति में हुई बैठक में दी गई। बैठक में आयोजकों के साथ नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल, डीसीपी आनन्द कलादगी, एडीएम रोशन राय सहित जिला प्रशासन, पुलिस एवं अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद थे। बैठक में बताया गया कि गेर आयोजन की तैयारियां अंतिम दौर में है। गेर शहर में परम्परागत रूप से निर्धारित मार्गों से निकलेगी। राधा-कृष्ण फाग यात्रा के साथ टोरी कार्नर, मारल क्लब, संगम कार्नर आदि संस्थाओं द्वारा निकाली जाएगी। आयोजकों ने गेर के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।

कलेक्टर शिवम वर्मा ने गेर आयोजकों से कहा कि वे अपनी-अपनी गेर निर्धारित समय के साथ तय क्रम से ही निकाले। समय एवं अनुशासन का विशेष रूप से पालन करें। वे यह तय करें कि किसी भी तरह की हुड़दंग नहीं हो। पूर्ण शालीनता बनी रहे। कोई भी अवांछित सामग्री का उपयोग नहीं करें और न ही गेर में शामिल लोगों पर फेंके। बैठक में कलेक्टर ने कहा कि इंदौर की गौरवशाली परम्परा गेर को और अधिक बेहतर बनाने के लिए सभी मिलकर प्रयास करें। उन्होंने कहा कि गेर के दौरान ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण अधिनियम के प्रावधानों का पालन किया जाये। अश्लील और अभद्र गाने नहीं बजाये जाये। बैठक में बताया गया कि डीजे प्रतिबंधित रहेगा। आयोजकों से कहा गया है कि वे गेर में अनुमति प्राप्त वाहनों को ही शामिल करें। वाहनों के ड्राइवर लाइसेंसधारी हो। यह सुनिश्चित किया जाए कि ड्राइवर किसी भी तरह का नशा नहीं किए हो। वाहनों की फिटनेस का भी विशेष ध्यान रखा जाए।

बैठक में डीसीपी आनन्द कलादगी ने कहा कि आयोजन के दौरान विशेष निगरानी रखी जायेगी। व्यवस्थाओं को देखते हुए सभी स्वागत मंच रोड़ के एक ही तरफ लगवाये जायेंगे। उन्होंने कहा कि गेर में किसी भी तरह की हुड़दंग करने वालों को छोड़ा नहीं जायेगा। हथियार सहित पकड़े जाने पर संबंधित असामाजिक तत्वों के विरूद्ध कार्यवाही की जायेगी। गेर के दौरान सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध रहेंगे। ड्रोन, सीसीटीवी और वीडियों कैमरों के माध्यम से सतत निगरानी रखी जायेगी। सुरक्षा व्यवस्था के लिए पूरे गेर मार्ग को सेक्टर के रूप में विभाजित कर सुरक्षा प्रबंध किये जायेंगे। सेक्टर वाईज कंट्रोल रूम भी बनाया जायेगा। नागरिकों से आग्रह किया गया कि गेर में गड़बड़ी करने वाले तत्वों और हथियार रखने वालों की सूचना तुरन्त पुलिस को दी जाये। मदिरा पीकर शांति भंग करने वालों के विरूद्ध भी कड़ी कार्यवाही की जायेगी। उन्होंने कहा कि गेर इंदौर की गौरवशाली धरोहर है। इसे सबके सहयोग से और अधिक बेहतर बनाया जाये। वालिंटियर की व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करें। महिला वालिंटियर भी तैनात करें। उन्हें पहचान पत्र भी दिये जाये। सभी गेर आयोजक आपस में समन्वय रखें।

बैठक में बताया गया कि आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए फायर ब्रिगेड, एम्बुलेंस, चिकित्सकों की व्यवस्था भी रहेगी।