mp-first-agriculture-cabinet

मप्रः किसान कल्याण वर्ष की पहली कृषि केबिनेट आज बड़वानी जिले में

भोपाल, 02 मार्च । मध्य प्रदेश में इस साल मनाए जा रहे किसान कल्याण वर्ष की पहली कृषि कैबिनेट आज सोमवार को जनजातीय बहुल जिले बड़वानी के नागलवाड़ी में हो रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में सरकार किसानों के हित में महत्वपूर्ण निर्णय लेगी।

जनसम्पर्क अधिकारी प्रियंका रानी ने बताया कि लगभग 6 हजार की जनसंख्या वाला ग्राम नागलवाड़ी जनजातीय बहुल ग्राम है। यहाँ मुख्यमंत्री डॉ. यादव की अध्यक्षता में होने वाली कृषि केबिनेट न केवल बड़वानी जिले अपितु पूरे निमाड़ क्षेत्र के विकास के लिए निर्णायक साबित होगी। नागलवाड़ी स्थित 800 वर्ष पुराना प्राचीन भिलट देव मंदिर जनजातीय आस्था में विशेष महत्व रखता है। कृषि कैबिनेट के बाद पूरा मंत्रिमंडल इस मंदिर में दर्शन भी करेगा।

जनसम्पर्क अधिकारी के अनुसार, राज्य सरकार का मंत्रिमंडल पूरे दिन नागलवाड़ी में रहेगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव कृषि कैबिनेट के बाद किसानों और प्रबुद्धजन से संवाद भी करेंगे। संवाद के दौरान एक ओर प्रदेश एवं किसानों के हित में किये जा रहे कार्यों एवं योजनाओं को साझा किया जायेगा, वहीं क्षेत्र विकास के लिये किसानों एवं प्रबुद्धजन के विचारों और उनकी अपेक्षाओं को जाना जाएगा। कार्यक्रम स्थल पर जनजातीय विकास और कृषि आधारित विकास प्रदर्शनी भी लगाई जायेगी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव एवं मंत्रि-परिषद के सदस्य जनजातीय समाज के जुलवानिया में आयोजित भगोरिया हाट की परम्परा में भी शामिल होंगे। कैबिनेट के अलावा होने वाले सभी कार्यक्रमों में जनजातीय परम्परा की स्पष्ट झलक दिखाई देगी।

निमाड़ी व्यंजन में निमाड़ी मसाले का ज़ायका होगा खास

मप्र के कैबिनेट व अधिकारियों सहित आने वाले आगन्तुको के लिए निमाड़ के व्यंजनों में निमाड़ के ज़ायका यानी निमाड़ी मिर्च का खास मिश्रण होगा। निमाड़ के व्यंजनों में मुख्य रूप से अमाड़ी की भाजी के साथ मक्के की रोटी होगी। इसके साथ ही यहां का विशेष दाल पानिये व छांछ की ठंडक का प्रबंध किया जा रहा है। इसके अलावा खास निमाड़ की मिर्च के भजिये भी शामिल है। वहीं श्रीअन्न में कोदो का पुलाव और रागी की बालू शाही विशेष रूप से भोजन में सात्विक तौर पर शामिल है।

पैगोडा, हट और डोम में होंगे इंतजाम

कृषि कैबिनेट के लिए की जा रही तैयारियों में पैगोडा, हट और डोम है। इसी में व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएगी। कुल 5 डोम है। इसमें एक में कृषि व जनजाति विभाग की प्रदर्शनियां, एक डोम में ग्रीन रूम्स, एक में कैबिनेट,एक में भोजन शाला और एक डोम में मीडिया ब्रीफिंग की व्यवस्थाएं सुनिश्चित होगी। इसके अलावा 12 से अधिक पैगोडा बनाये जा रहे है। इसमें रिसेप्शन, कंट्रोल रूम, वेटिंग एरिया आदि शामिल है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अपने संदेश में कहा है कि हम किसान कल्याण वर्ष मना रहे हैं। इस वर्ष के दौरान हम हर महीने और हर 2–4 दिन में लगातार कृषि आधारित कार्यक्रमों की एक पूरी श्रृंखला को अंजाम दे रहे हैं। इसी क्रम में आज बड़वानी जिले के ग्राम नांगलवाड़ी में कृषि कैबिनेट करने जा रहे हैं। यह प्रदेश के किसी जनजातीय अंचल में होने वाली पहली कृषि कैबिनेट है। इसका लाभ निमाड़ के साथ पूरे मालवा अंचल को मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जब से नर्मदा वैली के माध्यम से पानी मिला है, खंडवा, खरगौन, बुरहानपुर और बड़वानी का पूरा क्षेत्र एक अलग ही प्रकार की समृद्धि से जाना और पहचाना जा रहा है। इसी आधार पर हमने सबसे पहले निमाड़ में मनाए जाने वाले फाग पर्व भगोरिया को राज्यकीय पर्व के रूप में समाज के साथ मनाने का निर्णय लिया है।