kudargarh-fest-surajpur

सूरजपुर : कुदरगढ़ महोत्सव का दूसरा दिन लोक संस्कृति के नाम

सूरजपुर, 24 मार्च । चैत्र नवरात्र के पावन अवसर पर आयोजित कुदरगढ़ महोत्सव 2026 का दूसरा दिन आज मंगलवार को सरगुजा अंचल की समृद्ध लोक कलाओं और सांस्कृतिक विरासत को समर्पित रहा। मां कुदरगढ़ी की आराधना के साथ शुरू हुए कार्यक्रम में स्थानीय कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से पूरे वातावरण को भक्ति और उत्साह से भर दिया।

कार्यक्रम की शुरुआत करमा दलों और स्कूली बच्चों की रंगारंग प्रस्तुतियों से हुई, जिसने दर्शकों का मन मोह लिया। लोक गायिका नेहा तिवारी ने जस गीतों के माध्यम से भक्ति रस का संचार किया, वहीं बसंत वैष्णव और कला केंद्र के कलाकारों ने भी अपनी प्रस्तुति से खूब सराहना बटोरी।

सांस्कृतिक संध्या में बैंड प्रस्तुति और पंथी नृत्य विशेष आकर्षण रहे, जिसमें कलाकारों के ऊर्जावान प्रदर्शन ने दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। इसके साथ ही क्लासिकल गीत और भजनों की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को और भी भव्य बना दिया।

लोकप्रिय कलाकार संजय सुरीला की प्रस्तुति ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। उनके गीतों पर दर्शक देर तक झूमते और तालियां बजाते नजर आए।

महोत्सव के दूसरे दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु और दर्शक पहुंचे और आयोजन का आनंद लिया। वहीं अंतिम दिन 25 मार्च को विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ महोत्सव का समापन होगा, जिसे लेकर लोगों में खासा उत्साह है।