kondagaon-team-reaches-darbha

दरभा के ‘इंटीग्रेटेड फार्मिंग क्लस्टर’ में पंहुची कोण्डागांव की टीम

जगदलपुर, 14 मार्च । राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन बिहान योजना के अंतर्गत ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने के उद्देश्य से जिला पंचायत कोण्डागांव की एक टीम द्वारा बस्तर जिले का दो दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण आयोजित किया गया। इस भ्रमण का मुख्य उद्देश्य बस्तर जिले के दरभा ब्लॉक में संचालित इंटीग्रेटेड फार्मिंग क्लस्टर की सफल कार्यप्रणाली को समझना और उसे कोण्डागांव जिले में लागू करना रहा।

जिला पंचायत कोण्डागांव के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अविनाश भोई के निर्देशानुसार आयोजित इस दौरे में जिला मिशन प्रबंधक विनय सिंह के नेतृत्व में एक विशेषज्ञ दल शामिल हुआ, जिसमें जिला कार्यक्रम प्रबंधक दुर्योधन मेघ, कुंजलाल सिन्हा सहित केशकाल, माकड़ी, फरसगांव और बड़ेराजपुर के परियोजना प्रबंधक व क्षेत्रीय समन्वयक शामिल रहे। उक्त भ्रमण के दौरान टीम ने दरभा क्लस्टर में समेकित कृषि प्रणाली का बारीकी से अवलोकन किया, जहां किसानों को उन्नत सब्जी उत्पादन के लिए नर्सरी प्रबंधन, बीज चयन और वैज्ञानिक पद्धति से कीट-रोग नियंत्रण की तकनीकी जानकारी दी गई । आजीविका संवर्धन की दिशा में कदम बढ़ाते हुए टीम ने उत्पादन के पश्चात होने वाली ग्रेडिंग, पैकेजिंग और सीधे बाजार से जुड़कर बेहतर मूल्य प्राप्त करने के आधुनिक मॉडलों को समझा। पशुपालन के क्षेत्र में मुर्गीपालन की उन्नत विधियों, जैसे ब्रूडिंग प्रबंधन और टीकाकरण के साथ-साथ सामूहिक विपणन के जरिए आय बढ़ाने के गुर सीखे गए।

इस भ्रमण के दौरान सामुदायिक उद्यम विकास की प्रक्रियाओं को विस्तार से समझाया गया। इस शैक्षणिक भ्रमण से प्राप्त अनुभवों और आधुनिक कृषि तकनीकों का उपयोग अब कोण्डागांव जिले के विभिन्न क्लस्टरों में किया जाएगा, ताकि स्थानीय ग्रामीण समूहों और किसानों को स्वावलंबन की दिशा में आगे बढ़ाते हुए उनकी आर्थिक स्थिति में गुणात्मक सुधार लाया जा सके। भ्रमण के पश्चात उक्त दल ने बस्तर के स्व सहायता समूहों के साथ अपने अनुभवों को निरंतर साझा करने की कटिबद्धता व्यक्त की