सीयू दीक्षांत समारोह : उप राष्ट्रपति के हाथों स्वर्ण पदक हासिल कर चहके होनहार
धर्मशाला, 14 मार्च । उप राष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने शनिवार को धर्मशाला में आयोजित केंद्रीय विश्वविद्यालय हिमाचल प्रदेश के नौंवे (9वें) दीक्षांत समारोह में बतौर मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और मेधावी विद्यार्थियों को उपाधियां तथा स्वर्ण पदक प्रदान किए।
उपराष्ट्रपति के हाथों स्वर्ण पदक और उपाधियां प्राप्त करने वाले मेधावी छात्रों में एक अलग आत्मविश्वास देखा गया। वहीं यह छात्र अपने आपको गौरवांवित महसूस कर रहे थे। समारोह के दौरान उप राष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने 12 मेधावी विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक तथा 8 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान कीं, जबकि अन्य विद्यार्थियों को उपाधियां एवं स्वर्ण पदक कार्यक्रम में उपस्थित अन्य गणमान्य अतिथियों द्वारा प्रदान किए गए।
इस अवसर पर कुलपति प्रो. सत प्रकाश बंसल ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए उन्हें पारंपरिक कांगड़ा पेंटिंग और नरसिंगा भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय निरंतर शैक्षणिक उत्कृष्टता, शोध नवाचार और सामुदायिक सहभागिता के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित कर रहा है।
विश्वविद्यालय के कुलपति सत प्रकाश बंसल के अनुसार इस वर्ष आयोजित दीक्षांत समारोह में कुल 509 विद्यार्थियों को विभिन्न शैक्षणिक कार्यक्रमों के अंतर्गत उपाधियां प्रदान की गईं, जिनमें 33 शोधार्थियों को पीएच.डी. की उपाधि दी गई। शैक्षणिक उत्कृष्टता के लिए 32 मेधावी विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक प्रदान किए गए। पदक विजेताओं में बड़ी संख्या में छात्राएं शामिल रहीं, जो शिक्षा और शोध के क्षेत्र में महिलाओं के बढ़ते सशक्तिकरण का प्रतीक है।
दीक्षांत समारोह में विश्वविद्यालय के कार्यकारी परिषद एवं विश्वविद्यालय कोर्ट के सदस्य, संकाय सदस्य, शोधार्थी, विद्यार्थी, अभिभावक तथा अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। विद्यार्थियों ने पारंपरिक भारतीय परिधानों में उपाधियां ग्रहण कर समारोह को सांस्कृतिक रंगों से सराबोर कर दिया।
इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कवींद्र गुप्ता, कृषि मंत्री चौधरी चंद्र कुमार, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, हमीरपुर के सांसद अनुराग ठाकुर तथा कांगड़ा–चंबा के सांसद राजीव भारद्वाज सहित गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।









