kangra-education-board-answer-

स्कूल शिक्षा बोर्ड ने जारी की सीबीएसई सब-कैडर स्क्रीनिंग टेस्ट की ‘आंसर-की’

धर्मशाला, 28 मार्च । हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा बीते 22 मार्च को आयोजित सीबीएसई सब कैडर 2026 स्क्रीनिंग टेस्ट की प्रोविजनल आंसर-की जारी कर दी है। बोर्ड ने आंसर की को अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दिया है। यह परीक्षा प्रदेश भर के विभिन्न केंद्रों पर प्रिंसिपल, लेक्चरर (जैव विज्ञान, रसायन विज्ञान, भौतिकी, गणित, कॉमर्स, अर्थशास्त्र, अंग्रेजी, राजनीति विज्ञान, इतिहास, हिंदी, भूगोल, समाजशास्त्र, संस्कृत, संगीत, आई.पी., शारीरिक शिक्षा, मनोविज्ञान एवं डीपीई) तथा टीजीटी एवं सी एंड वी (आर्ट्स, मेडिकल, नॉन-मेडिकल, लैंग्वेज टीचर, शास्त्री, ड्राइंग मास्टर, शारीरिक शिक्षा शिक्षक एवं जेबीटी) के पदों हेतु आयोजित की गई थी।

बोर्ड अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने शनिवार को जारी प्रेस वक्तव्य में बताया कि यदि किसी अभ्यर्थी को आंसर-की में दिए गए किसी भी उत्तर के संबंध में कोई आपत्ति हो, तो वह अपनी आपत्तियां दिनांक 31 मार्च 2026 तक लिखित रूप में आवश्यक दस्तावेजी प्रमाण सहित बोर्ड कार्यालय में प्रस्तुत कर सकता है। अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए यह जानकारी दी गई है कि आपत्तियां ई-मेल के माध्यम से भेजी जा सकती हैं अथवा कार्य दिवसों में व्यक्तिगत रूप से भी बोर्ड कार्यालय में जमा करवाई जा सकती हैं।

बोर्ड अध्यक्ष ने यह भी साफ किया है कि निर्धारित तिथि के पश्चात प्राप्त होने वाली किसी भी आपत्ति पर विचार नहीं किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, बिना उचित और ठोस प्रमाण के प्रस्तुत की गई आपत्तियां भी स्वीकार नहीं की जाएंगी। अभ्यर्थी अधिक जानकारी या किसी भी प्रकार के संशय के निवारण के लिए बोर्ड कार्यालय के आधिकारिक दूरभाष नंबर 01892-242134 पर संपर्क कर सकते हैं।

डॉ. राजेश शर्मा ने बोर्ड की कार्यप्रणाली पर जोर देते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा भर्ती परीक्षाओं को पूरी तरह से पारदर्शी एवं निष्पक्ष तरीके से संपन्न करवाना बोर्ड की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि अभ्यर्थियों को अपनी बात रखने का उचित अवसर प्रदान करना इसी निष्पक्ष प्रक्रिया का एक अहम हिस्सा है, ताकि चयन प्रक्रिया की विश्वसनीयता बनी रहे।