सड़क हादसे में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत
कोडरमा, 03 मार्च । जिले के सतगावां थाना क्षेत्र के खुट्टा स्थित बरियारपुर मोड़ के समीप बीते शनिवार को हुई सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गयी। युवक नीरज कुमार (25 ) की रांची के एक अस्पताल में इलाज के दौरान मंगलवार को मौत हो गई। जानकारी के अनुसार सतघरवा निवासी नीरज कुमार शनिवार शाम बासोडीह बाजार से अपना काम निपटाकर मोटरसाइकिल से घर लौट रहा था।
इसी दौरान बरियारपुर मोड़ के पास उनकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में नीरज के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आई थीं। दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सतगावां लाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल कोडरमा रेफर कर दिया।
कोडरमा में भी स्थिति में सुधार न होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए रांची भेजा गया था, जहां चार दिनों तक इलाज के बाद मौत हो गयी। मृतक नीरज कुमार अपने माता-पिता के इकलौते पुत्र थे। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है।









