बेटे के जन्मदिन की तैयारी में जुटी थी मां, गिरने से मौत
कोडरमा, 31 मार्च । बेटे के जन्मदिन की तैयारी में जुटी मां की गिरने से मौत हो गयी। घटना में घायल महिला को इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया, जहां लापरवाही का आरोप लगाकर परिजनों ने हंगामा भी किया। मामला कोडरमा थाना क्षेत्र के इंदरवा का है। यहां छज्जा से गिरने से घायल महिला की इलाज के क्रम में मौत हो गई। मृतका की पहचान मीना देवी (30) के रूप में की गई है।
मृतका के परिजनों ने बताया कि मीना देवी के छोटे बेटे का जन्मदिन था, जिसे लेकर वह अपने घर की साफ-सफाई कर रही थी। इसी बीच अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह छज्जे से सिर के बल सीधे जमीन पर आ गिरी। बुरी तरह से घायल होने के बाद परिजन उसे लेकर सदर अस्पताल ले गए। जहां करीब दो घंटे तक चले इलाज के बाद चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
इधर, मीना देवी की मौत की खबर सुनते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक के परिजनों ने सदर अस्पताल के चिकित्सकों पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा करना शुरू कर दिया। हंगामे की खबर मिलते ही प्रभारी एसडीओ ओम प्रकाश मंडल और कोडरमा थाना प्रभारी विकास पासवान दलबल के साथ सदर अस्पताल पहुंचे। उन्होंने परिजनों को समझाने का पूरा प्रयास किया, लेकिन परिजन लापरवाही बरतने वाले चिकित्सकों पर कार्रवाई के साथ-साथ मुआवजे की मांग को लेकर अड़े रहे। इधर, घंटों चले इस हंगामे के बाद एसडीओ के आश्वासन पर परिजनों ने हंगामा बंद किया।
वहीं मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। प्रभारी एसडीओ ओम प्रकाश मंडल ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। मृतका अपने पीछे चार पुत्र सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गई है।









