ब्राउन शुगर के साथ दो युवक गिरफ्तार
पूर्वी सिंहभूम, 03 मार्च । ओलीडीह थाना क्षेत्र स्थित स्वर्णरेखा प्रोजेक्ट कॉलोनी में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दो युवकों को ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया है। सोमवार सुबह करीब साढ़े दस बजे की गई इस छापेमारी में पुलिस ने कुल 33 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद की, जिनका वजन लगभग 6.56 ग्राम बताया गया है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि कॉलोनी में नशीले पदार्थों की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की और बताए गए स्थान पर दबिश दी। छापेमारी के दौरान दो संदिग्ध युवकों को पकड़कर उनकी तलाशी ली गई, जिसमें उनके पास से ब्राउन शुगर की पुड़िया बरामद हुई।
गिरफ्तार युवकों की पहचान जम्मूबन महतो और राहुल कुमार पंडित के रूप में हुई है। दोनों चांडिल थाना क्षेत्र के तमुलिया स्थित कपाली ओपी इलाके के निवासी बताए जाते हैं। पुलिस ने दोनों को मौके पर ही हिरासत में लेकर थाना लाया और पूछताछ की।
मंगलवार को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों आरोपिताें को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की जांच जारी है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि जब्त किया गया नशीला पदार्थ कहां से लाया गया था और इसे किन-किन इलाकों में खपाने की योजना थी।









