jh-manarega-workers-warned-indtified

मनरेगा कर्मियों ने दी 12 से अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी

पलामू, 10 मार्च । मनरेगा कर्मचारी संघ के आह्वान पर मांगों को लेकर राज्य के मनरेगा कर्मी 09 मार्च से 11 मार्च तक तीन दिवसीय सांकेतिक हड़ताल पर हैं। हड़ताल के दूसरे दिन मंगलवार को जिले के मनरेगा कर्मियों ने मेदिनीनगर के शिवाजी मैदान में बैठक कर अपनी मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद की। बैठक में जिले के विभिन्न प्रखंडों से बड़ी संख्या में पहुंचे मनरेगा कर्मियों ने हिस्सा लिया और एकजुटता के साथ आंदोलन को सफल बनाने का संकल्प लिया।

बैठक में संघ के प्रदेश संयोजक देवेन्द्र उपाध्याय ने कहा कि राज्य के मनरेगा कर्मी लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन सरकार अब तक उनकी समस्याओं के समाधान के प्रति गंभीर नहीं दिख रही है। कर्मियों ने कहा कि उन्हें कई महीनों से मानदेय नहीं मिल रहा है। इसके कारण उनके परिवार के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।

मनरेगा योजना को धरातल पर लागू करने में कर्मियों की अहम भूमिका है, लेकिन इसके बावजूद उन्हें स्थायी सेवा का दर्जा, सामाजिक सुरक्षा और समरूप वेतन जैसी बुनियादी सुविधाएं भी नहीं मिल पा रही हैं।

देवेन्द्र उपाध्याय ने कहा कि मनरेगा कर्मी पिछले कई वर्षों से नियमितीकरण, सामाजिक सुरक्षा और समान कार्य के लिए समान वेतन की मांग कर रहे हैं, लेकिन सरकार उनकी मांगों को लगातार अनदेखा कर रही है, जिससे कर्मियों में भारी असंतोष है।

विकास पाण्डेय ने कहा कि मनरेगा देश की ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने वाली एक महत्वपूर्ण योजना है और इसे सफल बनाने में मनरेगा कर्मियों ने पिछले 18 वर्षों से पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ कार्य किया है। यह तीन दिवसीय सांकेतिक हड़ताल सरकार के लिए एक तरह का अल्टीमेटम है।

संघ के वरीय उपाध्याय विकास पांंडेय ने कहा कि यदि 09 मार्च से 11 मार्च तक चलने वाली इस सांकेतिक हड़ताल के दौरान सरकार उनकी मांगों पर कोई ठोस निर्णय नहीं लेती है, तो 12 मार्च से झारखंड के सभी मनरेगा कर्मी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे। मांगों में स्थायीकरण, ग्रेड पे की व्यवस्था, सामाजिक सुरक्षा, नियमित मानदेय भुगतान तथा अन्य सेवा लाभ शामिल हैं।

बैठक में पंकज कुमार सिंह, अख्तर हुसैन, मनोज चौबे, ज्योति किसपोट्टा, रेशमी कुमारी, कांति कुमारी, नागेंद्र मिश्रा, पुष्पा तिवारी, अल्का सिन्हा सहित बड़ी संख्या में मनरेगाकर्मी उपस्थित थे।