jh-man-arrested-for-stabbing-while

शराब पीने के दौरान हुई चाकूबाजी का आरोपित गिरफ्तार

पूर्वी सिंहभूम, 06 मार्च । उलीडीह थाना पुलिस ने चाकू मारकर एक युवक को गंभीर रूप से घायल करने के मामले में मुख्य आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपित की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया है। गिरफ्तार आरोपित की राजू सिंह (32) के रूप में हुई है।

शुक्रवार को मामले का खुलासा करते हुए थाना प्रभारी मो शारीक अली ने बताया कि शंकोसाई रोड नंबर-5 स्थित टावर मैदान में राजू सिंह ने राजा बनर्जी पर चाकू से हमला कर दिया था। इस हमले में राजा बनर्जी के पेट और चेहरे पर गंभीर चोटें आई थीं। घटना के बाद घायल राजा बनर्जी के भाई सौरभ बनर्जी ने उलीडीह थाना में आरोपित के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर सिटी एसपी के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए देर रात आरोपित राजू सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपित की निशानदेही पर स्वर्णरेखा नदी के लक्ष्मण नगर स्थित छोटा घाट से घटना में इस्तेमाल किया गया चाकू बरामद कर लिया गया।

पुलिस के अनुसार, घटना के समय चार दोस्त आपस में बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर राजा बनर्जी और राजू सिंह के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और गाली-गलौज के बीच गुस्से में आकर राजू सिंह ने चाकू से हमला कर दिया।

पुलिस ने बताया कि आरोपित राजू सिंह तीन मार्च को ही जेल से छूटकर बाहर आया था, लेकिन कुछ ही दिनों बाद वह फिर से आपराधिक घटना में शामिल हो गया। फिलहाल पुलिस ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।