हुडको थीम पार्क हमला कांड में चार आरोपित गिरफ्तार
पूर्वी सिंहभूम, 30 मार्च । टेल्को थाना क्षेत्र स्थित हुडको थीम पार्क में 24 मार्च की रात हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपितों को गिरफ्तार कर सोमवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
मौके पर टेल्को थाना प्रभारी सुरेश प्रसाद ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों में मो अयान (19), फरदीन खान (20), मो शैद उर्फ शाहिद (21) और मो फैज राजा उर्फ फैजू (21) शामिल हैं। इनमें से मो अयान का आपराधिक इतिहास भी रहा है और वह पिछले वर्ष गोलमुरी थाना के एक मामले में जेल जा चुका है।
पुलिस के अनुसार, घटना के दौरान आरोपितों ने आदर्श कुमार सिंह पर चापड़ से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया था। वारदात के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों की तलाश शुरू की और उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
जांच के दौरान पुलिस ने घटना में प्रयुक्त खून से सना चापड़, आरोपी मो अयान का शर्ट, दो मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी बरामद की है।
घायल आदर्श कुमार सिंह का इलाज फिलहाल टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) में चल रहा है। घटना के बाद पहले उसे एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन हालत गंभीर होने पर उसे टीएमएच रेफर कर दिया गया।
इस कार्रवाई में सिटी डीएसपी सुनील कुमार चौधरी के नेतृत्व में टेल्को थाना प्रभारी सुरेश प्रसाद, गोलमुरी थाना प्रभारी संजय सुमन, बर्मामाइंस थाना प्रभारी निरंजन कुमार, गोविंदपुर थाना प्रभारी पवन कुमार सहित कई पुलिस पदाधिकारी शामिल थे।









