jh-07-accused-of-electric-wire

बिजली तार चोरी करते सात आराेपित रंगे हाथ गिरफ्तार

खूंटी, 11 मार्च । पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर तोरपा थाना क्षेत्र में बिजली के हाईटेंशन तार चोरी करने वाले गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई। पुलिस ने मंगलवार को बिजली तार चोरी करने के सात आरोपितों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। साथ ही भारी मात्रा में बिजली तार, पिकअप वाहन और अन्य उपकरण भी बरामद किए गए हैं। इस आशय की जानकारी तोरपा के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी क्रिस्टोफर केरकेट्टा ने बुधवार को अपने कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी।

उन्होंने बताया कि पुलिस अधीक्षक (एसपी) को सूचना मिली थी कि तोरपा-खूंटी रोड पर कृषि विज्ञान केंद्र के पीछे बिजली के खंभों से हाईटेंशन तार काटकर पिकअप वाहन में लोड किया जा रहा है। सूचना के बाद एसपी के निर्देश पर तोरपा के एसडीपीओ के नेतृत्व में एक छापेमारी दल का गठन किया गया।

छापेमारी दल ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करते हुए हाईटेंशन बिजली तार काट रहे सात लोगों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके पास से 08 बंडल हाईटेंशन बिजली तार (लगभग 250 किलोग्राम), एक तार काटने की मशीन, पिकअप वाहन (रजिस्ट्रेशन संख्या जे एच 01 एआर -7335) और 05 मोबाइल फोन बरामद किया है।

गिरफ्तार आरोपितों में शेख अप्पू (24) निवासी किन्दीरकेला थाना बसिया जिला गुमला, रमजानी (33), चांद मोहम्मद (25), इब्राहिम खान उर्फ इरफान (40), दिलकस खान उर्फ टेटे (20), मनीष लोहरा उर्फ शिशु (25) तथा बजरंग लोहरा उर्फ माटु (19) शामिल हैं।

छापेमारी में एसडीपीओ तोरपा क्रिस्टोफर केरकेट्टा, पुलिस निरीक्षक अशोक कुमार सिंह, थाना प्रभारी मुकेश कुमार यादव, पुअनि अमरेन्द्र मंडल, पुअनि रोशन खाखा (अनुसंधानकर्ता), सअनि बैजु लकड़ा, सअनि सोनाराम स्वांसी, सअनि आलोक रंजन सहित तोरपा थाना के पुलिसकर्मी और रिजर्व गार्ड शामिल थे। पुलिस ने सभी आरोपितों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।