jaipur-heat-action-plan

जयपुर में ‘हीट एक्शन प्लान’ पर कार्यशाला

जयपुर, 12 मार्च । नगर निगम जयपुर द्वारा गुरुवार को ‘जयपुर हीट एक्शन प्लान’ पर एक कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला का शुभारंभ रवि जैन, शासन सचिव स्वायत्त शासन विभाग ने किया। इस दौरान उन्होंने जयपुर हीट एक्शन प्लान पर तैयार पुस्तिका का भी विमोचन किया।

कार्यक्रम में प्रतीक चंद्रशेखर जुईकर, डॉ. गौरव सैनी, उपायुक्त (स्वास्थ्य) प्रवीण कुमार सहित महिला हाउसिंग ट्रस्ट की बिजल ब्रह्मभट्ट, भारतीय मौसम विभाग के निदेशक राधेश्याम तथा IIFL Foundation की निदेशक मधु जैन समेत निगम के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

रवि जैन ने कहा कि जयपुर हीट एक्शन प्लान का उद्देश्य भीषण गर्मी के दौरान आमजन को राहत देना है। उन्होंने नागरिकों से गर्मियों में पक्षियों और पशुओं के लिए परिंडे लगाने की अपील भी की।

प्रतीक चंद्रशेखर जुईकर ने बताया कि इस योजना का उद्देश्य हीट वेव से जुड़े जोखिमों के प्रति शहर की तैयारी को मजबूत करना और लोगों को गर्मी से राहत प्रदान करना है। वहीं डॉ. गौरव सैनी ने कहा कि यह योजना नि:शुल्क तैयार की गई है और इसका प्रभावी क्रियान्वयन जरूरी है। फिलहाल इसे जयपुर में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में लागू किया गया है। यह योजना महिला हाउसिंग ट्रस्ट और नगर निगम जयपुर के सहयोग से तैयार की गई है, जो पहले चूरू और जोधपुर में लागू हो चुकी है। योजना के तहत हीट स्ट्रोक, थकावट और अन्य गर्मी से जुड़ी बीमारियों से बचाव के लिए रंग-कोड आधारित अर्ली वार्निंग सिस्टम, अस्पतालों की तैयारी, जन-जागरूकता अभियान और विभिन्न विभागों के बीच समन्वित कार्रवाई पर जोर दिया गया है।