अशोकनगरः चंदेरी के शनिदेव मंदिर में विदेशी पर्यटकों ने की पूजा अर्चना
अशोकनगर, 14 मार्च । मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिले की ऐतिहासिक नगरी चंदेरी में शनिवार को जमैका, ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड से आए पर्यटकों का एक दल टूरिस्ट गाइड मुजफ्फर अहमद अंसारी के साथ चंदेरी के प्रसिद्ध शनिदेव मंदिर पहुंचा। विदेशी पर्यटकों ने मंदिर में विधिवत पूजा अर्चना, दर्शन कर भगवान शनिदेव से विश्व की सुख-समृद्धि और विश्व शांति की कामना की।
मंदिर के पुजारी दिनेश व्यास ने विदेशी पर्यटकों को भारतीय परंपरा के अनुसार तिलक लगाकर आशीर्वाद दिया तथा शनिदेव की पूजा-विधि और धार्मिक महत्व के बारे में जानकारी दी।
पर्यटकों ने मंदिर की प्राचीनता, धार्मिक वातावरण और चंदेरी की ऐतिहासिक धरोहरों की सराहना की। उन्होंने बताया कि भारत की संस्कृति, आस्था और परंपराएं उन्हें बहुत आकर्षित करती हैं, इसलिए वे इन स्थलों को नजदीक से देखना चाहते थे।
इस अवसर पर स्थानीय लोगों ने भी विदेशी मेहमानों का स्वागत किया।
टूरिस्ट गाइड मुजफ्फर अहमद अंसारी द्वारा बताया गया कि 35 वर्ष से में टूरिस्ट गाइड का काम कर रहा हूं इस कलावधि में जैमेका से पहली बार विदेशी पर्यटक चंदेरीभ्रमण पर आए हैं जिन्होंने चंदेरी नगर की ऐतिहासिक धरोहरों को खूब सराहा है।









