पानीपत: मनी एक्सचेंज सेंटर पर अंधाधुंध फायरिंग
पानीपत, 14 मार्च । पानीपत असंध रोड अनेजा पेट्रोल पंप के पास शनिवार को ताबड़तोड़ गोलियां चलने से भगदड़ मच गई, जब बाइक सवार बदमाशों ने सरेआम एक मनी एक्सचेंज सेंटर पर अंधाधुंध गोलियां बरसा दीं। बदमाशों ने अनेजा पेट्रोल पंप के ठीक सामने स्थित दुकान के बाहर करीब आधा दर्जन राउंड फायरिंग कि और मौके से फरार हो गए। शनिवार काे दिनदहाड़े हुई इस फायरिंग से मनी एक्सचेंज संचालक और उसके कर्मचारी बाल-बाल बच गए। घटना के कुछ समय बाद इसकी जिम्मेदारी लॉरेंस गैंग ने ली है। लॉरेंस गैंग ने जहां फायरिंग की है उसे हवाला कारोबारी बताया है।
पुलिस के अनुसार वारदात सोची-समझी साजिश लग रही है। बदमाशों ने शनिवार सुबह से ही दुकान के आसपास करीब 5 बार रेकी की थी। बदमाश संभवतः सही समय का इंतजार कर रहे थे। दोपहर के समय जब असंध रोड पर चहल-पहल थी, तभी बदमाशों ने हथियार लहराते हुए ताबड़तोड़ गोलियां बरसानी शुरू कर दीं।
दिनदहाड़े फायरिंग की सूचना मिलते ही पानीपत पुलिस प्रशासन में खलबली मच गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए मौके पर डीएसपी सतीश वत्स सहित सीआईए टीम, थाना पुलिस की टीमें, साइबर सेल और फॉरेंसिक जांच टीमों ने पहुंचकर जांच शुरू कर दी। जांच अधिकारियों ने मौके से गोलियों के खोल और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने दुकान और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी कब्जे में ली। वारदात के बाद जिला पुलिस कप्तान के निर्देश पर शहर में जगह जगह नाकाबंदी कर दी गई है। प्राथमिक जांच में यह मामला रंगदारी या आपसी रंजिश का लग रहा है, हालांकि पुलिस अभी किसी भी आधिकारिक नतीजे पर नहीं पहुंची है।
घटना के बाद रणदीप मलिक के नाम से एक सोशल मीडिया पोस्ट सामने आई है। जिसमें फायरिंग की जिम्मेदारी ली गई है। पोस्ट में लिखा कि यह हवाला के जरिए देश का पैसा बाहर भेज रहा था। इसे पहले भी चेतावनी दी गई थी। पोस्ट के आखिरी में बॉलीवुड सिंगर और रैपर बादशाह को टटीरी सॉन्ग को लेकर धमकी दी गई। बादशाह काे कहा गया है कि तूने हरियाणा की संस्कृति खराब करने की कोशिश की है। पहले 2024 में तेरे क्लब पर तुझे ट्रेलर दिखाया था, अब की बार सीधा तेरे माथे में गोली मारेंगे। पानीपत पुलिस इस वायरल पाेस्ट के बारे में अभी कुछ नहीं बाेल रही है।









