education-ministar-rohit-thaku

टीजीटी के 937 पदों को भरने की प्रक्रिया पूरी, 1200 जेबीटी पदों की भर्ती प्रक्रिया शुरूः रोहित ठाकुर

मंडी, 11 मार्च । शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने मंडी जिला के दो दिवसीय प्रवास के पहले दिन बुधवार कोग विधानसभा क्षेत्र में 10.72 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित सरदार पटेल विश्वविद्यालय मंडी के नारला स्थित द्रंग परिसर तथा 1.74 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला साहल के भवन का उद्घाटन किया। इसके उपरांत उन्होंने राजकीय डिग्री कॉलेज द्रंग, नारला के 18वें वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में बतौर मुख्य अतिथि भाग लिया और मेधावी छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया।

पूर्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। शिक्षा मंत्री ने कहा कि राष्ट्र की सबसे बड़ी संपदा युवा हैं और उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करना आवश्यक है।

उन्होंने बताया कि राज्य चयन आयोग के माध्यम से टीजीटी के 937 पदों को भरने की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और दूरदराज क्षेत्रों में इन पदों को प्राथमिकता के आधार पर भरा जाएगा। इसके अतिरिक्त 1200 जेबीटी पदों को भरने की प्रक्रिया भी आरंभ हो चुकी है। जहां विद्यार्थियों की संख्या 20 से अधिक होगी, वहां दूसरा अध्यापक तैनात किया जाएगा। शिक्षा मंत्री ने पुरस्कार प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि वर्तमान में प्रदेश में 134 सरकारी महाविद्यालय कार्यरत हैं। बदलते समय के अनुसार विद्यार्थियों को कौशल आधारित और रोजगारोन्मुखी शिक्षा प्रदान करना सरकार की प्राथमिकता है ताकि वे भविष्य की चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार हो सकें।

शिक्षा मंत्री ने पूर्व मंत्री ठाकुर कौल सिंह की मांग पर राजकीय महाविद्यालय नारला में आगामी शैक्षणिक सत्र से राजनीति शास्त्र और इतिहास विषय में दो स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम शुरू करने की घोषणा की। उन्होंने आश्वस्त किया कि कॉलेज में खाली पदों को प्राथमिकता के आधार पर भरा जाएगा। छात्रावास निर्माण और मैदान के चारों ओर चारदीवारी लगाने के प्रस्ताव पर भी सरकार द्वारा विचार किया जाएगा। साथ ही शारीरिक शिक्षा के पद को सृजित करने का भी आश्वासन दिया।

उन्होंने बताया कि राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पधर को अगले शैक्षणिक सत्र से सीबीएसई से संबद्ध करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी और प्रयास रहेगा कि इसे इसी सत्र से लागू किया जा सके। उन्होंने बताया कि राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला साहल के भवन का निर्माण जो काफी समय से लंबित था, उसके लिए वर्तमान सरकार द्वारा 88 लाख रूपए कि धनराशि उपलब्ध करवाई गई है।