cyber-security-and-legal-right

छात्राओं को साइबर सुरक्षा और कानूनी अधिकारों की जानकारी देगा पुलिस विभाग

जयपुर, 10 मार्च । अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में छात्राओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से 12 मार्च को विशेष ऑनलाइन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम वेबेक्स प्लेटफॉर्म के माध्यम से होगा, जिसमें स्कूल और कॉलेजों के अधिक से अधिक छात्र-छात्राओं को जोड़ा जाएगा।

अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (सिविल राइट्स एवं एएचटी) लता मनोज कुमार ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य डिजिटल युग में बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता बढ़ाना, महिलाओं की सुरक्षा से जुड़ी सरकारी योजनाओं की जानकारी देना तथा राजकॉप एप जैसे सुरक्षा प्लेटफॉर्म के उपयोग के बारे में अवगत कराना है। साथ ही विद्यार्थियों को कानून और उनके अधिकारों की भी जानकारी दी जाएगी।

कार्यक्रम के तहत दो सत्र आयोजित होंगे। पहला सत्र सुबह 11 बजे से दोपहर 12 बजे तक होगा, जिसमें साइबर अपराध के उप महानिरीक्षक विकास शर्मा डिजिटल युग में साइबर जागरूकता और महिला सुरक्षा विषय पर विद्यार्थियों को संबोधित करेंगे। वे सुरक्षित इंटरनेट उपयोग और ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के उपाय बताएंगे। दूसरा सत्र दोपहर 12:01 बजे से 1 बजे तक आयोजित होगा, जिसमें अपराध शाखा के उप महानिरीक्षक दीपक भार्गव नई न्याय संहिता और महिला सुरक्षा से जुड़े प्रावधानों की जानकारी देंगे। पुलिस विभाग की इस पहल का उद्देश्य युवाओं को डिजिटल और सामाजिक परिवेश में सुरक्षित रहने के लिए आवश्यक जानकारी देना और उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक बनाना है।