गर्मियों में निर्बाध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश
जयपुर, 14 मार्च । मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शनिवार को मुख्यमंत्री कार्यालय में ग्रीष्मकालीन पूर्व तैयारियों की समीक्षा के लिए उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की। बैठक में उन्होंने जलदाय विभाग (पीएचईडी) तथा जिला कलक्टरों को गर्मी के मौसम में आमजन को निर्बाध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने वन विभाग को भी वृक्षारोपण अभियान की तैयारी के तहत नर्सरियों में पर्याप्त पौधे तैयार रखने तथा उनके वितरण की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए। बैठक में एलपीजी आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने विभागीय अधिकारियों और जिला कलक्टरों को वितरण प्रणाली की प्रभावी मॉनिटरिंग करने तथा गैस सिलेंडरों की जमाखोरी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर जलदाय मंत्री कन्हैया लाल चौधरी, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं वन राज्य मंत्री संजय शर्मा, संभागीय आयुक्त तथा जिला कलक्टर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में जुड़े।









