केंद्र ने हिमाचल को दी 288.39 करोड़ की आपदा राहत, भाजपा ने जताया आभार
शिमला, 14 मार्च । हिमाचल प्रदेश को प्राकृतिक आपदाओं से हुए नुकसान की भरपाई के लिए केंद्र सरकार की ओर से 288.39 करोड़ रुपये की सहायता मिलने पर भाजपा ने प्रधानमंत्री और केंद्रीय गृह मंत्री का आभार जताया है। भाजपा के प्रदेश वरिष्ठ प्रवक्ता त्रिलोक कपूर ने कहा कि यह सहायता राज्य के प्रति केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
शनिवार को जारी बयान में त्रिलोक कपूर ने कहा कि वर्ष 2025 में आई प्राकृतिक आपदाओं के दौरान हिमाचल प्रदेश को काफी नुकसान झेलना पड़ा था। ऐसे समय में केंद्र सरकार ने बिना देरी के राहत राशि मंजूर की है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने एक बार फिर यह साबित किया है कि कठिन परिस्थितियों में वह हिमाचल प्रदेश की जनता के साथ खड़ी रहती है।
कपूर ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी हिमाचल प्रदेश को अपना दूसरा घर मानते हैं और राज्य की जरूरतों को प्राथमिकता देते हुए हर संभव सहायता प्रदान करते रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब भी प्रदेश में प्राकृतिक आपदा आई है, केंद्र सरकार ने संवेदनशीलता के साथ मदद की है। उनके मुताबिक आपदा राहत के लिए दी गई यह राशि इस बात का संकेत है कि केंद्र सरकार प्रदेश की जनता की समस्याओं को समझते हुए समय पर सहायता उपलब्ध कराती है।
भाजपा प्रवक्ता ने इस मुद्दे पर प्रदेश की कांग्रेस सरकार और उसके नेताओं की आलोचना भी की। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के नेता आपदा राहत को लेकर केवल “घड़ियाली आंसू” बहा रहे हैं और जनता को भ्रमित करने की कोशिश कर रहे हैं। उनका कहना था कि जब केंद्र सरकार लगातार हिमाचल की मदद कर रही है, तब कांग्रेस के नेताओं को राजनीतिक आरोप लगाने के बजाय राहत कार्यों पर ध्यान देना चाहिए।
त्रिलोक कपूर ने कहा कि कांग्रेस की स्थिति आज ऐसी हो गई है कि “उल्टा चोर कोतवाल को डांटे” वाली कहावत चरितार्थ होती दिख रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि एक ओर केंद्र सरकार राज्य को आर्थिक सहायता दे रही है, वहीं दूसरी ओर कांग्रेस सरकार केंद्र के खिलाफ गलत प्रचार कर रही है।
उन्होंने कहा कि भाजपा हमेशा हिमाचल प्रदेश के हितों के लिए काम करती रही है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार आगे भी राज्य को हर जरूरी सहायता देती रहेगी।









