bus-pilgrims-collides-35-injur

श्रद्धालु से भरी बस पेड़ से टकराई, 35 गंभीर घायल

मऊ, 29 मार्च । उत्तर प्रदेश के मऊ जिले से एक बड़ी घटना सामने आई है, जहाँ रतनपुर मार्ग पर एक यात्री बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा उस समय हुआ जब बस के ड्राइवर को झपकी आ गई, जिसके चलते बस सड़क किनारे पेड़ से टकराने के बाद पलट गई। इस दुर्घटना में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि करीब 35 यात्रियों को चोटें आई हैं।

बताया जा रहा है कि यह बस अयोध्या से बलिया जा रही थी। यात्री अयोध्या में आयोजित यज्ञ में शामिल होकर वापस लौट रहे थे। जैसे ही बस मऊ जनपद के रतनपुर क्षेत्र में पहुँची, ड्राइवर को अचानक झपकी आने से वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और यह दर्दनाक हादसा हो गया।

घटना के बाद घायलों को तुरंत पास के निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। सूचना मिलते ही मऊ जिले के सीएमओ संजय गुप्ता मौके पर पहुंचे और घायलों का हाल-चाल लिया। उन्होंने इलाज की व्यवस्था की समीक्षा की और मीडिया से बातचीत कर पूरे मामले की जानकारी साझा की।

हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा, जबकि पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने स्थिति को तुरंत नियंत्रण में लिया। यात्रियों के परिजनों को भी सूचना दे दी गई है।