bal-maitri-programe-gave-school-experiance

बलरामपुर : बाल मैत्री कार्यक्रम से नन्हें कदमों को मिला स्कूल का पहला अनुभव

बलरामपुर, 20 मार्च । जिले में बाल मैत्री कार्यक्रम के तहत आंगनबाड़ी के बच्चों को पहली बार स्कूल के वातावरण से जोड़ा गया। इस पहल से बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ा और विद्यालय के प्रति सकारात्मक समझ विकसित हुई।

महिला एवं बाल विकास विभाग और स्कूल शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में बाल मैत्री (बडी-बडी) कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस पहल का उद्देश्य आंगनबाड़ी में पंजीकृत 4 से 6 वर्ष के बच्चों को विद्यालयीन वातावरण से परिचित कराते हुए उनके सहज और सुगम ट्रांजिशन को सुनिश्चित करना है।

कार्यक्रम के तहत विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों से बच्चों को नजदीकी प्राथमिक शालाओं का भ्रमण कराया गया। इस दौरान बच्चों को कक्षा कक्ष, खेल मैदान और विद्यालय की अन्य गतिविधियों से परिचित कराया गया, जिससे उनमें स्कूल के प्रति जिज्ञासा और आत्मविश्वास का विकास हो सके।

भ्रमण के दौरान बच्चों के साथ खेल, रचनात्मक गतिविधियां और मनोरंजक कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिससे वे विद्यालयीन माहौल में सहज रूप से घुल-मिल सकें।

शासन के दिशा-निर्देशों के अनुसार, जिलास्तर से लेकर सेक्टर स्तर तक परियोजना अधिकारियों और पर्यवेक्षकों की निगरानी में इस कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। सभी क्षेत्रों में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की गई।

इस अवसर पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने बच्चों की सुरक्षा और सुविधा का विशेष ध्यान रखते हुए उन्हें विद्यालय का भ्रमण कराया। साथ ही अभिभावकों को भी इस पहल के बारे में जानकारी देकर उन्हें बच्चों की शिक्षा के प्रति जागरूक किया गया।

यह कार्यक्रम नन्हें बच्चों के लिए स्कूल जीवन की पहली सकारात्मक शुरुआत साबित हुआ, जिससे उनके भविष्य की शैक्षणिक यात्रा को मजबूत आधार मिलने की उम्मीद है।