accused-arrest-dowry-harassment-cg

दहेज प्रताड़ना और दूसरी शादी के मामले में पति समेत 4 आरोपित गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा, 10 मार्च (हि. स.)। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के थाना मुलमुला पुलिस ने दहेज प्रताड़ना और पहली पत्नी के रहते दूसरी शादी करने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पति समेत चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपितों को आज न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार पीड़िता ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी शादी 30 अप्रैल 2025 को दामोदर गोसाई निवासी तिफरा, बिलासपुर के साथ हुई थी। शादी के एक माह बाद से ही पति दामोदर गोसाई, सास दीपावली गोसाई, ससुर गुरुशरण गोसाई और देवर खेमन गोसाई द्वारा दहेज में मोटरसाइकिल और दो लाख रुपये की मांग को लेकर उसे शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा। मांग पूरी नहीं होने पर उसके साथ मारपीट और गाली-गलौज कर उसे मायके भेज दिया गया।

मामले की जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी दामोदर गोसाई की पहले से शादी हो चुकी थी और उसने पहली पत्नी के रहते ही दूसरी शादी कर ली थी, जिसकी जानकारी लड़की पक्ष को नहीं दी गई थी।

पुलिस ने आरोपितों दामोदर गोसाई (30वर्ष), गुरुशरण गोसाई (55वर्ष), दीपावली गोसाई (50वर्ष) और खेमन गोसाई (28वर्ष) निवासी भैरव नगर तिफरा, थाना सिरगिट्टी जिला बिलासपुर को गिरफ्तार कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 85, 82(2) और 3(5) के तहत कार्रवाई की है।इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक पारस पटेल और उनकी टीम की अहम भूमिका रही।