a-youngster-died-in-a-road-accident

कानपुर-सागर हाईवे पर ट्रक से कुचलकर राहगीर की मौत

हमीरपुर, 10 मार्च । उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में कानपुर-सागर हाईवे स्थित सुमेरपुर फैक्ट्री एरिया की तरफ पैदल जाते समय एक युवक काे अज्ञात वाहन ने कुचल दिया। सूचना पर घायल युवक काे पुलिस अस्पताल लेकर पहुंची जहां डाक्टराें ने देखते ही मृत घोषित कर दिया।

सुमेरपुर कस्बे के वार्ड 12 निवासी बालकृष्ण उर्फ पुत्तन सिंह का 24 वर्षीय पुत्र सत्यम सिंह सोमवार की शाम को बिना बताए घर से निकल गया था। चाचा भोला सिंह ने बताया कि मंगलवार को भोर पहर पुलिस ने जानकारी दी कि किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आकर सत्यम सिंह की मौत हो गई है और शव प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में रखा हुआ है। जानकारी मिलने पर वह परिजनों के साथ मौके पर पहुंचे।

बताया गया कि पुलिस ने उसे गंभीर हालत में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया था। जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया था। मृतक दो भाई एवं दो बहनों में सबसे छोटा और अविवाहित था। अचानक हुई इस घटना से परिवार में कोहराम मच गया। मृतक अपने पीछे पिता बालकृष्ण सिंह, मां पुष्पलता, विवाहित बहन रुचि व विभा तथा भाई रेशू सिंह को रोता-बिलखता छोड़ गया है। चाचा ने बताया कि मृतक के पिता सहकारी समिति मौदहा में सचिव पद में कार्यरत हैं। थाना प्रभारी अनूप सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।