----------------

खूंटी नगर पंचायत के उपाध्यक्ष बने शशांक शेखर, 13 वोटों से दर्ज की जीत

खूंटी, 18 मार्च । खूंटी नगर पंचायत में उपाध्यक्ष पद के लिए हुए चुनाव में वार्ड नंबर-8 के पार्षद शशांक शेखर विजयी घोषित हुए हैं। उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी दिनेश कुमार महतो को हराकर यह पद हासिल किया।

बुधवार को समाहरणालय सभागार में राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार उपाध्यक्ष पद के लिए मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हुई। मतदान का संचालन निर्वाची पदाधिकारी और सहायक निर्वाची पदाधिकारी ने निर्धारित दिशा-निर्देशों के तहत कराया।

उपाध्यक्ष पद के लिए वार्ड संख्या-8 के पार्षद शशांक शेखर और वार्ड संख्या-3 के पार्षद दिनेश कुमार महतो ने नामांकन दाखिल किया था। नगर पंचायत के सभी 19 वार्ड पार्षदों ने मतदान में भाग लिया।

मतगणना के बाद घोषित परिणाम में शशांक शेखर को 13 मत प्राप्त हुए, जबकि दिनेश कुमार महतो को 6 मत मिले। इस प्रकार कुल 19 वैध मत पड़े और कोई भी मत निरस्त नहीं हुआ।

परिणाम घोषित होने के बाद निर्वाची पदाधिकारी ने शशांक शेखर को जीत का प्रमाण पत्र प्रदान किया। इसके बाद नगर पंचायत अध्यक्ष रानी टुटी ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

इस अवसर पर निर्वाचन से जुड़े अधिकारी और कोषांग के पदाधिकारी भी मौजूद रहे।