यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष शुभम सिंह हाउस अरेस्ट, विधानसभा घेराव से पहले पुलिस की कार्रवाई
अमेठी, 16 फ़रवरी । मनरेगा का नाम बदलने के विरोध में 17 फरवरी को लखनऊ में प्रस्तावित विधानसभा घेराव से पहले अमेठी में युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष शुभम सिंह को उनके आवास पर सोमवार को हाउस अरेस्ट कर लिया गया। सुबह से ही उनके घर के बाहर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया, जिसका फोटो वीडियो स्वयं शुभम सिंह के द्वारा सोशल मीडिया पर वायरल किया गया है। जिससे क्षेत्र में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है।
जानकारी के अनुसार, कांग्रेस पार्टी द्वारा लखनऊ में विधानसभा घेराव के आह्वान के मद्देनज़र प्रशासन ने एहतियातन यह कदम उठाया है। पुलिस की मौजूदगी के बीच शुभम सिंह को उनके ही घर में नजरबंद रखा गया है। शुभम सिंह ने अपने घर से एक वीडियो बनाकर सोमवार को सोशल मीडिया पर वायरल किया, जिसमें उन्होंने कहा कि सरकार जनता की आवाज दबाने का काम कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह लोकतांत्रिक अधिकारों पर सीधा हमला है और जनता की आवाज उठाने वालों को रोकना सरकार की घबराहट को दर्शाता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इसके बावजूद युवा कांग्रेस लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष जारी रखेगी।
इसी बीच यूथ कांग्रेस के जिलाध्यक्ष से मिलने उनके आवास पहुंचे वरिष्ठ कांग्रेसी नेता एवं पूर्व महासचिव यूथ कांग्रेस धर्मेंद्र शुक्ला ने भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सरकार विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है, लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ता दबने वाले नहीं हैं। उन्होंने दावा किया कि किसी भी हाल में कार्यकर्ता लखनऊ पहुंचकर विधानसभा घेराव कार्यक्रम में शामिल होंगे।
पुलिस क्षेत्राधिकारी मनोज कुमार मिश्रा ने बताया कि कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस का प्रथम कर्तव्य है। फिलहाल किसी को नजर बंद नहीं किया गया है। कानून व्यवस्था बनाए रखने को लेकर ऐसे लोगों पर निगरानी रखी जा रही है। जिससे क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अशांति उत्पन्न होने का खतरा बना हुआ है। क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम रहे इसके लिए पुलिस हर उपाय कर रही है।









