हरियाणा विधानसभा बजट सत्र की तैयारियां पूरी
-स्पीकर हरविंद्र कल्याण ने की अधिकारियों के साथ बैठकचंडीगढ़, 18 फ़रवरी । हरियाणा विधानसभा के 20 फरवरी से शुरू होने वाले बजट सत्र को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने बुधवार को जहां पूरा दिन बैठकों का आयोजन किया वहीं राज्यपाल प्रो.असीम घोष से मुलाकात करके उन्हें सदन में अभिभाषण के लिए औपचारिक निमंत्रण भी दिया।
बुधवार को स्पीकर ने हरियाणा, पंजाब सीआईएसएफ और यूटी चंडीगढ़ के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा प्रबंधों का जायजा लिया। गुरुवार को भी सत्र को लेकर बैठकों का दौर जारी रहेगा। सुबह कार्य सलाहकार समिति की तथा शाम को समिति सभापतियों के साथ बैठकें होंगी। शुक्रवार को अभिभाषण उपरान्त राज्यपाल के साथ सभी सदस्यों की सेरेमोनियल गेट पर सामूहिक फोटो भी होगी। चंडीगढ़ यूटी प्रशासन को इस बारे में कदम उठाने की जरूरत है। हरियाणा, पंजाब और यूटी चंडीगढ़ के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक करते हुए विस अध्यक्ष ने कहा कि सत्र के दौरान सभी व्यवस्थाएं समुचित ढंग से की जाए। उन्होंने सुरक्षा में तैनात होने वाले सुरक्षाकर्मियों के भोजन, जलपान तथा अन्य दैनिक आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मीडिया कर्मियों की जांच एक बार से ज्यादा नहीं होनी चाहिए। इसके साथ ही विस अध्यक्ष ने पत्रकार दीर्घा समेत सभी दीर्घाओं में अनुशासन और व्यवस्था बनाए रखने पर बल दिया। इन दीर्घाओं में न तो अनावश्यक आवाजाही होनी चाहिए न ही बातचीत करने की अनुमति हो।
हरियाणा और पंजाब विधान सभा के बजट सत्र की कुछ बैठकें समान दिनों में होने की स्थिति में अतिरिक्त प्रबंध करने के भी निर्देश दिए गए हैं। बैठक के दौरान विधान परिसर में वन्य जीवों के प्रवेश पर उन्होंने वन्य जीव विभाग से संपर्क कर कार्रवाई के निर्देश दिए।
बैठक में हरियाणा पुलिस महानिदेशक अजय सिंहल, एडीजीपी सीआईडी सौरभ सिंह, एडीजीपी (कानून व्यवस्था) संजय कुमार, आईजी सुरक्षा पंकज नैन, सीआईएसएफ के डिप्टी कमिश्नर नितिन कुमार, यूटी चंडीगढ़ की ओर से एसडीएम (सेंट्रल) नवीन समेत हरियाणा और पंजाब विधान सभा के अधिकारी मौजूद रहे।









