uprtou-library-digital

राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय की लाइब्रेरी हुई डिजिटल

प्रयागराज, 10 फरवरी । उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय, प्रयागराज का केन्द्रीय पुस्तकालय अब डिजिटल हो गया है। पुस्तकालय में विभिन्न प्रकार के डिजिटल संसाधन उपलब्ध हैं। जिनमें ई-बुक्स, ई-जर्नल्स, शोध प्रबंध, ई-पत्रिकाएं, ऑनलाइन डेटाबेस, शैक्षणिक वेबसाइट्स एवं ओपन एक्सेस संसाधन शामिल हैं। साथ ही डिजिटल लाइब्रेरी पोर्टल के माध्यम से इन संसाधनों तक 24×7 पहुंच की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।

सरस्वती परिसर स्थित लोकमान्य तिलक शास्त्रार्थ सभागार में मंगलवार को पुस्तकालय द्वारा विकसित एवं उपलब्ध कराए गए डिजिटल संसाधनों तथा डिजिटल संग्रह विषय पर एक प्रस्तुत कार्यक्रम में कुलपति प्रोफेसर सत्यकाम ने इसकी घोषणा की।

उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय के 100 से अधिक शोध छात्रों को इसका अधिक से अधिक लाभ मिलेगा। उन्होंने इसके लिए सभी शोध छात्रों से इसका लाभ उठाने का आह्वान किया। कुलपति ने कहा कि लाइब्रेरी के डिजिटल होने से अब विद्यार्थी शोध गंगा, ई पीजी पाठशाला, एनडीएलआई, डीओएजे, इन्फ्लिबनेट जैसे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय डिजिटल प्लेटफॉर्म का प्रभावी ढंग से उपयोग कर सकेंगे। डिजिटल लाइब्रेरी के माध्यम से शोधकार्य में समय की बचत, अद्यतन जानकारी की उपलब्धता तथा शोध की गुणवत्ता में सुधार होगा।

उप पुस्तकालयाध्यक्ष डॉ राम जन्म मौर्य ने कहा कि यह प्रस्तुति कार्यक्रम डिजिटल युग में पुस्तकालय की भूमिका को समझने तथा शैक्षणिक विकास में डिजिटल संसाधनों के महत्व को रेखांकित करने में सफल रहा। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों, शोधार्थियों एवं शिक्षकों को डिजिटल लाइब्रेरी की सुविधाओं, उपयोगिता तथा आधुनिक सूचना संसाधनों से अवगत कराना था।

मुक्त विवि के मीडिया प्रभारी डॉ प्रभात चंद्र मिश्र ने बताया कि इस अवसर पर नॉटनल के प्रतिनिधि द्वारा प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया गया तथा डिजिटल संसाधनों के अधिकतम उपयोग के लिए उन्हें प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों की सक्रिय भागीदारी रही और सभी ने इसे अत्यंत उपयोगी एवं ज्ञानवर्धक बताया।