फर्रुखाबाद के किसानों का गणित बिगाड़ गई बे मौसम बरसात
फर्रुखाबाद, 18 फरवरी । उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में बुधवार दोपहर बाद मौसम ने अचानक करवट ली और गरज के साथ बरसात हुई। इस बारिश ने किसानों की चिंताएं बढ़ा दी हैं। बारिश से जहां तैयार खड़ी और कटी हुई फसलों को भारी नुकसान की आशंका है, वहीं दूसरी ओर गेहूं की फसल के लिए यह अमृत के समान है।
किसान देवेंद्र व नारद सिंह ने बताया कि कल सुबह आलू की खुदाई की तैयारी पूरी कर ली थी, लेकिन बारिश ने सारा खेल बिगाड़ दिया। अब खेत सूखने में कम से कम 3 दिन लगेंगे, जिससे मजदूरी और समय दोनों का नुकसान होगा। किसान आकाश सिंह व योगेश सिंह ने बताया कि खेत में सरसों की फसल काटकर रखी थी ताकि सूखने पर मड़ाई की जा सके। अचानक हुई बारिश से फसल भीग गई है। अब इसके दाने काले पड़ने और खराब होने का डर सता रहा है।
जहां आलू और सरसों के किसान परेशान हैं, वहीं गेहूं की फसल के लिए यह बारिश फायदेमंद बताई जा रही है। कृषि अधिकारी बीके सिंह के अनुसार, इस समय की नमी गेहूं की बढ़वार में सहायक सिद्ध होगी। दोपहर तक खिली धूप के बाद अचानक हुई बारिश से फिजां में ठंडक घुल गई। मौसम इतना सर्द हो गया कि लोग स्वेटर के ऊपर जैकेट पहनने को विवश हो गए। शाम होते-होते बाजारों में सन्नाटा पसर गया और लोग ठिठुरते नजर आए।









