साइबर सेल की तत्परता से दो पीड़ितों के खाते में 73 हजार से अधिक की रकम वापस
मीरजापुर, 18 फ़रवरी । थाना कोतवाली शहर की साइबर सेल टीम ने ऑनलाइन साइबर फ्रॉड के दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए कुल 73,681.11 रुपये पीड़ितों के खातों में वापस कराए हैं। पुलिस की इस तत्परता से पीड़ितों ने राहत की सांस ली है।
पहला मामला धुन्धी कटरा निवासी सोनी सिंह का है। उन्होंने 27 अगस्त 2024 को एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी कि ट्रेडिंग एप के माध्यम से पैसा दोगुना करने का लालच देकर उनसे 95,986 रुपये की ठगी की गई। वहीं दूसरे मामले में अकबरपुर टाउन ग्राम कहलगांव, जिला भागलपुर निवासी तथा वर्तमान में मीरजापुर स्थित ईएमएस लिमिटेड कंपनी में कार्यरत मुकेश कुमार ने 26 अगस्त 2025 को शिकायत दर्ज कराई थी कि एपीके फाइल भेजकर उनके खाते से 99,990 रुपये निकाल लिए गए।
शिकायत प्राप्त होने पर थाना कोतवाली शहर साइबर सेल टीम ने जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक नगर व क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई करते हुए सोनी सिंह के खाते में 28,632 रुपये तथा मुकेश कुमार के खाते में 45,049.11 रुपये वापस कराए।
खाते में धनराशि वापस आने पर दोनों पीड़ितों ने बुधवार को थाने पहुंचकर साइबर सेल टीम का आभार जताया। इस दौरान टीम ने साइबर जागरूकता अभियान के तहत ऑनलाइन ठगी से बचाव के बारे में जानकारी दी और लोगों से सतर्क रहने की अपील की।
साइबर सेल टीम में उपनिरीक्षक दयाशंकर ओझा व महिला आरक्षी पारुल श्रीवास्तव शामिल रहीं।









