जेल में बंदी बना रहे है सब्जी व फूलों से हर्बल रंग-गुलाल, खेलेंगे होली
फिरोजाबाद, 28 फ़रवरी । उत्तर प्रदेश के जनपद फिरोजाबाद के जिला कारागार जेल परिसर में उगाई गई सब्जियों और फूलों से एक दर्जन बंदी हर्बल रंग और गुलाल बना रहे हैं। बंदी व कैदी जेल में इस बार हर्बल रंग-गुलाल से होली खेलेंगे। यह हर्बल गुलाल बाजार में भी बिक्री के लिए जाएगा। इससे हाेने वाला मुनाफा बंदियों को बतौर पारिश्रमिक दिया जाएगा।
जेल अधीक्षक अमित चौधरी ने बताया कि हर्बल गुलाल बनाने के लिए जेल परिसर के अंदर ही पैदा होने वाली सब्जियों और फूलों का प्रयोग किया जा रहा है। बंदियों द्वारा चुकंदर, गाजर, पालक, हल्दी और गेंदा व गुलाब के फूलों का उपयोग कर हरा, पीला और गुलाबी हर्बल गुलाल बनाया जा रहा है। इसके लिए उन्हें प्रशिक्षित भी किया गया है। गुलाल को बिक्री के लिए जेल में मुलाकात करने आने वालों के लिए रखवाया जाएगा। इसके साथ ही इसकी बिक्री जेल के बाहर और बाजार में कुछ दुकानों पर भी कराने की योजना है।
जेल अधीक्षक चौधरी ने बताया कि जेल के अंदर हर्बल रंग-गुलाल बनाने की यह पहल पर्यावरण संरक्षण के साथ ही स्वास्थ्य जागरूकता का भी संदेश देती है। ऐसी गतिविधियां बंदियों का आत्मविश्वास बढ़ाती हैं साथ ही उन्हें हुनर सीखने का मौका मिल रहा है।
———









