uk-dm-review-meeting-

किसानों को प्राथमिकता से ऋण उपलब्ध कराएं: जिलाधिकारी

हरिद्वार, 13 फ़रवरी । जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने जनपद के बेरोजगार युवाओं,किसानों और कमजोर वर्ग के लोगों को प्राथमिकता के आधार पर ऋण उपलब्ध कराने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए हैं।

शुक्रवार को जिला कार्यालय में जिलास्तरीय समीक्षा समिति की बैठक में स्वरोजगार परक योजनाओं के लिए बैंकों के प्रबंधकों से कहा गया कि वे ऋण आवेदनकर्ताओं को प्राथमिकता से ऋण स्वीकृत करें। कई बैंकों के शाखा प्रबंधक बैठक में अनुपस्थित रहे, जिस पर डीएम ने नाराजगी व्यक्त करते हुए लीड बैंक अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

डीएम ने ऋण जमा अनुपात की समीक्षा करते हुए 40 प्रतिशत से कम ऋण जमा अनुपात वाले बैंक शाखाओं को कृषि एवं पशुपालन के क्षेत्र में अधिक से अधिक लोगों को ऋण उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। साथ ही, उद्यान विभाग द्वारा बैंकों को भेजे गए आवेदन पत्रों की धीमी प्रगति और लक्ष्य न पूरा करने पर जिला उद्यान अधिकारी का फरवरी माह का वेतन रोकने का निर्देश दिया।

जिलाधिकारी ने सभी बैंक प्रबंधकों को साइबर क्राइम से संबंधित मामलों में ग्राहकों को जागरूक करने के भी निर्देश दिए।

बैठक में अग्रणी जिला प्रबंधक दिनेश गुप्ता ने विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी दी। बैठक में डीडीएम नाबार्ड अखिलेश डबराल,निर्देशक आरसीटी शिव कुमार,महाप्रबंधक उद्योग उत्तम कुमार तिवारी, जिला कृषि अधिकारी गोपाल सिंह भंडारी,जिला पर्यटन अधिकारी सुशील नौटियाल, सहायक निर्देशक मत्स्य विभाग गरिमा मिश्रा गोपाल कुमार,आरएफसी अभिषेक कुमार सहित विभिन्न बैंक शाखा प्रबंधक और विभागीय प्रतिनिधि उपस्थित रहे।