uk-crime-murder-dun-

देहरादून में एक और कारोबारी की गोली मारकर हत्या

देहरादून, 13 फरवरी । उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में शुक्रवार को एक कारोबारी की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। यह घटना शहर के व्यस्त राजपुर रोड क्षेत्र में सिल्वर सिटी मॉल के पास हुई।

पुलिस के अनुसार, सहस्रधारा रोड स्थित ग्रीन व्यू निवासी विक्रम शर्मा काशीपुर में स्टोन क्रेशर का कारोबार करते थे। वह सुबह रोज की तरह जिम में व्यायाम करने आए थे। जिम से बाहर निकलते ही पहले से घात लगाए हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं।

गोली लगने से गंभीर रूप से घायल शर्मा को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया गया है कि शर्मा के पास लाइसेंसी पिस्टल भी थी, लेकिन हमलावरों ने उन्हें संभलने का मौका नहीं दिया। घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार, हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं।

उल्लेखनीय है कि इससे तीन दिन पहले 11 फरवरी को देहरादून के तिब्बती मार्केट के बाहर कारोबारी अर्जुन शर्मा की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इसी क्रम में दो फरवरी को दूल्हा बाजार क्षेत्र में हुए चर्चित गुंजन हत्याकांड ने भी शहर को झकझोर दिया था। इस मामले में आरोपित को गिरफ्तार कर पुलिस ने विशेष जांच टीम (एसआईटी) के माध्यम से त्वरित कार्रवाई करते हुए चार्जशीट दाखिल की थी। इसके अतिरिक्त ऋषिकेश में प्रीति रावत की गोली मारकर हत्या, विकासनगर में तिब्बती मार्केट के बाहर छात्रा मनीषा तोमर की हत्या हुई । लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

कांग्रेस ने 16 फरवरी को राजभवन घेराव का ऐलान किया

कांग्रेस चकराता विधायक और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने इस घटना के बाद कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है और हल्द्वानी सहित अन्य स्थानों की घटनाएं हालात की गंभीरता दर्शाती हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस 16 फरवरी को राजभवन घेराव कर सरकार को घेरने का काम करेगी।

प्रीतम सिंह ने कहा कि यदि मुख्यमंत्री में नैतिकता बची है तो उन्हें तत्काल प्रभाव से इस्तीफा दे देना चाहिए।

घटना की सूचना पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं एआईसीसी सदस्य सूर्यकांत धस्माना मौके पर पहुंचे और राज्य सरकार व पुलिस प्रशासन पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि लगातार हत्या, लूट, डकैती और अन्य जघन्य अपराधों से प्रदेश में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है और अपराधियों के मन से पुलिस का भय समाप्त हो गया है। उन्होंने राज्य सरकार से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने तथा प्रदेश में नई व्यवस्था बहाल करने की मांग की है।