प्रभारी सचिव ने नैनीताल में विकास कार्यों की समीक्षा की, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
नैनीताल, 05 फ़रवरी । जनपद नैनीताल के प्रभारी सचिव चंद्रेश यादव ने गुरुवार को राज्य अतिथि गृह नैनीताल में जनपद में संचालित विभिन्न विकास कार्यों और विभागीय योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनोपयोगी योजनाओं का लाभ समयबद्ध रूप से पात्र लोगों तक पहुंचाया जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।
प्रभारी सचिव ने कहा कि अधिकारी प्रत्येक कार्यदिवस पर प्रातः दस से ग्यारह बजे तक सीएम हेल्पलाइन एवं अन्य माध्यमों से प्राप्त शिकायतों का संज्ञान लेते हुए उनका निस्तारण सुनिश्चित करें। ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए स्वरोजगार, रोजगारपरक प्रशिक्षण और महिला सशक्तिकरण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि जो पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं से वंचित हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर योजनाओं से जोड़ा जाए।
रीप परियोजना की समीक्षा के दौरान महिला समूहों को अधिक संख्या में जोड़ने, स्थानीय मांग के अनुरूप प्रशिक्षण देने और प्रशिक्षण के बाद रोजगार व प्लेसमेंट की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। पर्यटन विभाग की समीक्षा में पंडित दीन दयाल होम स्टे योजना और वीर चंद्र सिंह गढ़वाली स्वरोजगार योजना के अंतर्गत संचालित होम स्टे का सत्यापन कराने तथा योजनाओं का लाभ स्थानीय लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए। मानसखंड मंदिर माला मिशन के अंतर्गत कैंची धाम और मां नयना देवी मंदिर में चल रहे कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश भी दिए गए।
बाल विकास और शिक्षा विभाग की समीक्षा में निर्देश दिए गए कि भविष्य में प्राथमिक विद्यालय परिसरों में ही आंगनबाड़ी केंद्र स्थापित किए जाएं। आंगनबाड़ी और विद्यालयों के बीच शैक्षिक भ्रमण, प्रत्येक प्राथमिक विद्यालय में क्रीड़ा स्थल विकसित करने और स्टेम लैब वाले विद्यालयों में अन्य स्कूलों के विद्यार्थियों के भ्रमण के लिए वार्षिक कैलेंडर तैयार करने के निर्देश दिए गए।
ग्रामीण विकास विभाग की समीक्षा में जिले में निर्मित 73 सामुदायिक शौचालयों के नियमित संचालन, पानी और सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ उपभोग प्रमाणपत्र समय से उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।
प्रभारी सचिव ने सड़क निर्माण एजेंसियों को ब्लैक स्पॉट सुधारने, सड़कों को दुरुस्त रखने और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिले के लिए आवश्यक बड़ी विकास योजनाओं के प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश भी दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडेय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।









