सिरसा: मानव तस्करी करने पर दो आरोपी गिरफ्तार
सिरसा, 25 फ़रवरी । स्थानीय पुलिस ने धोखाधड़ी से मानव तस्करी करने के मामले में हिसार जिले के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार पीड़ित व्यक्ति को बीती 7 जनवरी को भारतीय एंबेसी द्वारा भारत लाया गया था। पीड़ित व्यक्ति सिरसा जिला निवासी निवेश कुमार की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
सिरसा के एसपी दीपक सहारन ने बुधवार को बताया कि निवेश ने विदेश जाने की इच्छा जाहिर की तो हिसार जिले के बगला निवासी सोनू मेहरिया ने व्हाट्सऐप कॉल पर बातचीत की और कहा कि वह पिछले एक साल से थाईलैंड में 65 हजार रुपए की सैलरी पर डाटा ऑपरेटर का काम पर रहा है। कंपनी में जॉब इंटरव्यू के लिए सोनू मेहरिया ने उसके पासपोर्ट का फोटो मांगा और 40 हजार रुपए जमा करवा लिए। व्हाट्सऐप पर इंटरव्यू के बाद उसे नौकरी का झांसा देकर हवाई जहाज का टिकट व्हाट्सऐप पर भेज दी और कहा की बैंकाक (थाईलैंड)का वीजा ऑन अराईवल मिलेगा।
निवेश 18 मई 2025 को दिल्ली हवाई अड्डे से बैंकाक पंहुच गया। जब वह बैंकोक एयरपोर्ट पहुंचा तो उसे धोखाधड़ी का सामना करना पड़ा औऱ उसे गाड़ी में बैठाकर जंगल के रास्ते उसे म्यांमार की सीमा पर पहुंचाया दिया।
म्यांमार पहुंचने के बाद निवेश कुमार को साइबर फ्रॉड करने वाली एक कंपनी में काम करने के लिए मजबूर किया गया। उसने बताया कि उसे सोशल मीडिया पर लडक़ी की आइडी बना कर लोगों से दोस्ती करने और फिर उन्हें ठगने का काम दिया गया और धमकाया गया कि अगर वह काम नहीं करेगा, तो उसे जेल में डाल दिया जाएगा। इस स्थिति से बचने के लिए काम किया, लेकिन अक्टूबर माह में एक सैन्य बल द्वारा रेड की गई और कंपनी के लोग उन्हें डोंगमई पार्क में ले गए। एक महीने बाद कंपनी ने उन्हें और अन्य पीड़ितों को छोड़ दिया और वे म्यांमार के रास्ते भारतीय एम्बेसी में पंहुचे तो उन्हें 7 जनवरी 2026 को वापस भारत भेजा गया।
पीड़ित व्यक्ति की शिकायत के आधार पर साइबर थाना सिरसा में विदेश भेजने के नाम पर धोखाधड़ी करने व मानव तस्करी एवं अवैध रूप से बंधक बनाकर काम करने की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। जांच के दौरान पुलिस ने महत्वपूर्ण सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी हिसार जिला निवासी आशीष व सोनू महेरिया को हिसार से गिरफ्तार कर लिया है।









