ताड़केश्वर महादेव मंदिर विवाद, सब-इंस्पेक्टर एपीओ
जयपुर, 16 फरवरी । माणक चौक थाना क्षेत्र स्थित ताड़केश्वर महादेव मंदिर में महाशिवरात्रि के पर पुलिस अधिकारी और पुजारियों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि ड्यूटी पर तैनात सब-इंस्पेक्टर सुरेश शर्मा ने पुजारी से अभद्रता की और पूजा-अर्चना कर रहे कुछ श्रद्धालुओं के साथ भी हाथापाई हुई। घटना के बाद मंदिर परिसर में तनाव की स्थिति बन गई।
मंदिर प्रशासन के अनुसार चार पहर की पूजा के मद्देनज़र भीड़ प्रबंधन को लेकर पुलिस को पूर्व सूचना दी गई थी। रात करीब 11 बजे दूसरे पहर की पूजा के दौरान संबंधित अधिकारी गर्भगृह में पहुंचे। पुजारियों ने उनसे बेल्ट बाहर उतारकर आने का आग्रह किया, जिस पर विवाद बढ़ गया। मंदिर पक्ष का आरोप है कि धक्का-मुक्की में एक पुजारी को दांत में चोट आई। कुछ श्रद्धालुओं ने घटना का वीडियो भी बनाया। घटना के विरोध में पुजारियों ने सोमवार को मंदिर का मुख्य द्वार बंद कर धरना शुरू कर दिया और संबंधित अधिकारी के निलंबन की मांग की। सूचना मिलने पर हवा महल विधायक बाल मुकुंद आचार्य धरना स्थल पहुंचे और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
मौके पर एएसपी नॉर्थ नीरज पाठक, माणक चौक थाना अधिकारी राकेश ख्यालियां सहित अन्य अधिकारी पहुंचे। पुलिस ने सब-इंस्पेक्टर को एपीओ किए जाने के आदेश दिखाए और तीन दिन में जांच पूरी करने का आश्वासन दिया। इसके बाद पुजारियों ने धरना समाप्त कर दिया।
एएसपी नीरज पाठक ने कहा कि मंदिर प्रबंधन और पुलिस के बीच मतभेद संभवतः किसी गलतफहमी के कारण हुआ। दोनों पक्षों की मौजूदगी में वार्ता हुई है और मामले की जांच कराई जाएगी।









