राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव ने करीब तीन करोड़ की योजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया
जौनपुर, 24 फरवरी । यूपी के जौनपुर में प्रदेश के स्वतंत्र प्रभार राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव ने मंगलवार को विकासखंड करंजाकला में करीब तीन करोड़ रुपये की ग्रामीण विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने आधुनिक सभागार, तीन भव्य प्रवेश द्वार, शहीद स्तंभ, मॉडर्न शौचालय समेत विभिन्न निर्माण कार्यों का उद्घाटन किया।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए राज्यमंत्री ने कहा कि जौनपुर तेजी से विकास की दिशा में अग्रसर है और आने वाले समय में जिले को कई बड़ी सौगातें मिलेंगी। उन्होंने बताया कि रिंग रोड, हाईवे ओवरब्रिज तथा ऑडिटोरियम जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाएं शीघ्र ही धरातल पर दिखाई देंगी। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता गांवों का समग्र और चौमुखी विकास है।उन्होंने बताया कि लगभग दो करोड़ 23 लाख रुपये की योजनाएं सीधे गांवों के विकास से जुड़ी हैं, जिनसे बुनियादी सुविधाओं को मजबूती मिलेगी। विकासखंड परिसर को आधुनिक स्वरूप दिए जाने की सराहना करते हुए कहा कि करंजाकला विकास का मॉडल बन रहा है।
भाजपा नेता एवं ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि सुनील यादव ‘मम्मन’ ने कहा कि क्षेत्र के सभी गांवों में विकास कार्यों में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। गांवों को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करना उनकी प्राथमिकता है। कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख पूनम यादव ने अतिथियों, प्रधानों और बीडीसी सदस्यों को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। इस दौरान पूर्व विधायक सुरेंद्र सिंह, अजय सिंह, परियोजना निदेशक पीडी कृष्ण करुणाकर पांडेय सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।









