विश्व शतरंज चैंपियन गुकेश डोमाराजू नॉर्वे चेस 2026 में खेलेंगे
स्टावेंगर (नॉर्वे), 03 फ़रवरी । मौजूदा विश्व शतरंज चैंपियन गुकेश डोमाराजू नॉर्वे चेस 2026 में हिस्सा लेंगे। दुनिया के सबसे मजबूत शतरंज टूर्नामेंटों में गिने जाने वाले इस प्रतिष्ठित आयोजन में गुकेश एक बार फिर इस टूर्नामेंट में सबसे कम उम्र के निर्विवाद विश्व चैंपियन के रूप में उतरेंगे।
गुकेश ने नॉर्वे चेस में वापसी को लेकर खुशी जाहिर करते हुए एक आधिकारिक बयान में कहा, “नॉर्वे चेस में दोबारा खेलकर मुझे बेहद खुशी हो रही है। यहां हमेशा की तरह मजबूत खिलाड़ी होते हैं और मैं सभी रोमांचक मुकाबलों का बेसब्री से इंतजार कर रहा हूं।”
साल 2024 में गुकेश ने कैंडिडेट्स टूर्नामेंट जीतने के बाद तत्कालीन विश्व चैंपियन डिंग लिरेन को हराकर महज 18 वर्ष की उम्र में विश्व खिताब अपने नाम किया था। उनके करियर में कई ऐतिहासिक उपलब्धियां दर्ज हैं, जिनमें 2750 रेटिंग अंक पार करने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बनना और 12 साल की उम्र में ग्रैंडमास्टर बनने का रिकॉर्ड शामिल है, जो शतरंज इतिहास में तीसरा सबसे कम उम्र का कारनामा है।
अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की हालिया सफलता में भी गुकेश की अहम भूमिका रही है। उन्होंने 2022 शतरंज ओलंपियाड में बोर्ड नंबर एक पर व्यक्तिगत स्वर्ण पदक जीता था। इसके बाद 2024 ओलंपियाड में उन्होंने टीम गोल्ड के साथ-साथ बोर्ड एक पर व्यक्तिगत स्वर्ण पदक भी अपने नाम किया।
नॉर्वे चेस टूर्नामेंट गुकेश के करियर के कई यादगार पलों का गवाह रहा है। 2025 संस्करण में उन्होंने तीसरा स्थान हासिल किया था और इसी दौरान उन्होंने मैग्नस कार्लसन के खिलाफ अपनी पहली क्लासिकल जीत दर्ज की थी। यह मुकाबला टेबल-स्लैम घटना के कारण दुनियाभर में चर्चा का विषय बना और टूर्नामेंट के सबसे यादगार मुकाबलों में शामिल रहा।
नॉर्वे चेस की सीओओ बेनेडिक्टे वेस्ट्रे स्कोग ने कहा,“मौजूदा विश्व चैंपियन के रूप में गुकेश डोमाराजू की नॉर्वे चेस में वापसी हमारे लिए बेहद खास है। भारत आज दुनिया के सबसे मजबूत शतरंज देशों में से एक बन चुका है और हमें पता है कि भारतीय प्रशंसक गुकेश के प्रदर्शन पर करीबी नजर रखेंगे। हमें उम्मीद है कि भारत समेत दुनियाभर के शतरंज प्रेमी 2026 में ओस्लो में होने वाले इस टूर्नामेंट को देखेंगे।”
गुकेश डोमाराजू की वापसी के साथ नॉर्वे चेस 2026 एक बार फिर शतरंज के सर्वोच्च स्तर के खिलाड़ियों को एक मंच पर लाने जा रहा है।









