स्कॉर्पियो में लेकर घूम रहे थे हथियारों का जखीरा
जयपुर, 21 फ़रवरी । राजधानी की पुलिस कमिश्नरेट की स्पेशल टीम (सीएसटी) ने बस्सी थाना इलाके में ऑपरेशन एक्शन अगेंस्ट गन (आग) के तहत कार्रवाई करते हुए स्कॉर्पियो में हथियार तस्करी करने की फिराक में घूम रहे दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। सीएसटी ने गिरफ्तार आरोपितों के पास से दो देसी कट्टा, 10 कारतूस व 2 खाली कारतूस बरामद किए है। पुलिस दोनों आरोपितों अवैध हथियार खरीद-फरोख्त करने वालों के बारे में जानकारी जुटाने का प्रयास कर रहीं है।
पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली कि बस्सी थाना इलाके में दो बदमाश स्कॉर्पियो में अवैध हथियार की सप्लाई करने की फिराक में घुम रहे है। सूचना मिलने के बाद सीएसटी टीम ने बस्सी इलाके में नाकाबंदी की। नाकाबंदी में स्कॉर्पियो की तलाशी लेने पर उसमें से दो देसी कट्टा, 10 कारतूस व 2 खाली कारतूस बरामद हुए। साथ ही पुलिस टीम ने आरोपित अनिल कुमार उर्फ सुखा (21) निवासी दादनपुरा धौलपुर और लोकेश कुमार उर्फ अयान (27) निवासी अखैपुरा दौलतपुरा निवासी को दबोच लिया। इसके अलावा पुलिस ने अवैध हथियार का सप्लाई के काम में ली जाने वाली स्कॉर्पियो को जब्त कर ली है। पुलिस दोनो आरोपियों से गिरोह के अन्य लोगों के बारे में गहनता से पूछताछ करने में जुटी है।









