एसबीआई ग्रीन मैराथन: जयपुर में 5 हजार 500 धावकों ने हरित भविष्य के लिए लगाई दौड़
जयपुर, 08 फ़रवरी । एसबीआई ग्रीन मैराथन सीजन-6 के तहत रविवार को पिंक सिटी जयपुर में हरित भारत के लिए दौड़ का संदेश गूंजा। सूरज मैदान से शुरू हुई इस मैराथन में 5 हजार 500 से अधिक धावकों ने भाग लिया। पेशेवर धावकों के साथ छात्र, परिवार, फिटनेस समूह, वायुसेना, थलसेना व रक्षा कर्मियों की सक्रिय भागीदारी रही।
मैराथन को स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के वरिष्ठ अधिकारियों—प्रभुद्ध कुमार (महाप्रबंधक, एनडब्ल्यू), गगन मोहन प्रसाद (डीजीएम), दिग्विजय सत्येंद्र नारायण, देव आनंद, आसिफ रज़ा अली, कल्याण गजवेल्ली और अजय कुमार गुप्ता—ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। आयोजन में ईको-फ्रेंडली पहल के तहत ऑर्गेनिक टी-शर्ट, प्लांटेबल बीआईबी और पुन: उपयोग योग्य गुडी बैग्स वितरित किए गए। कचरा प्रबंधन और जिम्मेदार निपटान से पर्यावरणीय प्रतिबद्धता को मजबूत किया गया।
पांच, दस किलोमीटर व हाफ मैराथन की एआईएमएस-प्रमाणित श्रेणियों में आयोजित इस दौड़ को आरजे वर्तिका और आरजे ईशान ने उत्साहपूर्ण बनाया। मैराथन ने स्वास्थ्य, सामुदायिक सहभागिता और सतत विकास का संदेश देते हुए जयपुर को 17 शहरों की इस हरित यात्रा का अहम पड़ाव बनाया।









